हादसे के 28 घंटे बाद मिला ब्लैक बॉक्स, विमान दुर्घटना की जांच आगे बढ़ी
x

हादसे के 28 घंटे बाद मिला ब्लैक बॉक्स, विमान दुर्घटना की जांच आगे बढ़ी

एयर इंडिया की अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट के ब्लैक बॉक्स की बरामदगी से हादसे की जांच को नई दिशा मिली है। 242 में से 241 लोगों की मौत हुई थी।


एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या 171 अब निढाल हो जमीन पर पड़ा है। लेकिन 241 परिवारों को गम दे गया। गुरुवार के दिन दोपहर एक बजकर 38 मिनट पर विमान अहमदाबाद के एयरपोर्ट से टेकऑफ करता है और चंद मिनटों में आग के गोलो में तब्दील हो जाता है। विमान का कुछ हिस्सा बीजे अस्पताल के मेस पर गिरता है। इस तरह से ना सिर्फ विमान में सवार यात्री मारे जाते हैं बल्कि हॉस्टल के मेस में खाना खा रहे डॉक्टरों की खेप भी शिकार होती है। अब विमान क्यों क्रैश हुआ। दुनिया का सबसे सुरक्षित माना जाने बोइंग 787 सही ढंग से काम क्यों नहीं कर सका। इन सभी सवालों के जवाब एक उपकरण में छिपा हुआ है जिसे ब्लैक बॉक्स कहा जाता है। हादसे के करीब 28 घंटे बाद ब्लैक बॉक्स की बरामदगी हो चुकी है।



मेघाणीनगर स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल की छत से ब्लैक बॉक्स मिला। गौरतलब है कि यह विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद हॉस्टल के मेस भवन से टकरा गया था। इस हादसे में विमान में सवार 242 यात्रियों में से 241 लोगों की मौत हो गई, जबकि एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति की पहचान एक ब्रिटिश-भारतीय नागरिक के रूप में हुई है, जो सीट 11A पर बैठा था।

ब्लैक बॉक्स मिलने की पुष्टि

विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने जानकारी दी कि ब्लैक बॉक्स हॉस्टल की छत पर पाया गया। दुर्घटना के 28 घंटे के भीतर इसे बरामद कर लिया गया, जो जांच की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।" नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि इस उपकरण की जांच से दुर्घटना के कारणों को समझने में काफी मदद मिलेगी।

बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान में 230 यात्री, दो पायलट और 10 केबिन क्रू सवार थे। यात्रियों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल थे। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी शामिल थे, जिनकी मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है।

जांच तेज, सुरक्षा सख्त

AAIB ने इस हादसे को लेकर पूर्ण जांच शुरू कर दी है। गुजरात सरकार के 40 से अधिक कर्मचारियों को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय की टीमों के साथ मिलकर जांच कार्य में लगाया गया है।वहीं, इस भयावह घटना के बाद डीजीसीए (DGCA) ने एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमानों के लिए सुरक्षा निरीक्षण और कड़े करने के आदेश जारी किए हैं।

इस हादसे ने देश और दुनिया में उड्डयन सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है। अब सबकी निगाहें ब्लैक बॉक्स की जांच पर टिकी हैं, जिससे इस दिल दहला देने वाली दुर्घटना के पीछे की असली वजहों का खुलासा हो सकेगा।

Read More
Next Story