ईरान जंग का असर जेब पर, सिलेंडर महंगा, ATF उछला, ‘हवाई चप्पल’ का सपना दूर
x

ईरान जंग का असर जेब पर, सिलेंडर महंगा, ATF उछला, ‘हवाई चप्पल’ का सपना दूर

ना सिर्फ कमर्शियल सिलेंडर के दाम में बल्कि हवाई ईंधन की कीमत में इजाफा हुआ है। इसकी वजह से रेस्टोरेंट और हवाई सफर दोनों आम लोगों के लिए महंगे हो गए।


मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेज़ी के चलते सरकारी तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 195.50 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी कर दी है। बुधवार से लागू नई कीमतों के बाद व्यापारियों और रेस्टोरेंट संचालकों की चिंता बढ़ गई है।

नई दरों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 2,078.50 रुपये हो गई है। इससे पहले 1 मार्च को भी इसके दाम में 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।

मेट्रो शहरों में कीमत

दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2078.50 रुपए, कोलकाता में 2208.00 रुपए, मुंबई में 2031.00 रुपए, चेन्नई में 2246.50 रुपए हो गई है।

हालांकि, इस बढ़ोतरी का असर घरेलू उपभोक्ताओं पर नहीं पड़ा है। घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की कीमत फिलहाल स्थिर है। आखिरी बार 7 मार्च को इसमें 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये बनी हुई है।

इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय बाजार के भाव और एक्सचेंज रेट के आधार पर एलपीजी और एटीएफ की कीमतों में बदलाव करती हैं।

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे वैश्विक तेल कीमतों में करीब 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी गई है।वहीं, पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें पिछले साल मार्च में 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती के बाद से स्थिर बनी हुई हैं। दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल 87.62 रुपये प्रति लीटर पर कायम है।

विमान ईंधन यानी एटीएफ में दोगुना उछाल

अगर विमान ईंधन यानी कि एटीएफ की बात करें तो पिछले साल की तुलना में कीमत दोगुनी हो गई है। एक मार्च 2026 को दिल्ली में एटीएफ की कीमत 96638.14 रुपए, कोलकाता में 99587.14, मुंबई में 90 451.87 और चेन्नई में 100280.49 रुपए थी। अब जबकि यह कीमत दिल्ली में 207341.22, रुपए प्रति केआई, कोलकाता में 205955.33, मुंबई में 194968.67 और चेन्नई में 214597.66 रुपए प्रति केआई हो गई है।

Read More
Next Story