दोस्त दोस्त न रहा, भारत- अमेरिका ट्रेड डील पर कांग्रेस का निशाना
x

दोस्त दोस्त न रहा, भारत- अमेरिका ट्रेड डील पर कांग्रेस का निशाना

भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर कांग्रेस ने सवाल उठाए। जयराम रमेश ने इसे अधूरा बताया, जबकि पीएम मोदी ने इसे मेक इन इंडिया के लिए फायदेमंद कहा।


भारत और अमेरिका के बीच घोषित अंतरिम व्यापार समझौते (Interim Trade Pact) को लेकर कांग्रेस ने शनिवार (7 फरवरी) को केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। पार्टी ने भारत-अमेरिका के संयुक्त बयान को विवरणों से खाली बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष किया और कहा कि “इतने सारे गले मिलने और फोटो-ऑप्स का नतीजा कुछ खास नहीं निकला। कांग्रेस ने अपने तंज को और धार देते हुए 1964 की फिल्म संगम के मशहूर गीत की पंक्ति दोस्त दोस्त न रहा का भी इस्तेमाल किया।

‘नमस्ते ट्रंप’ बनाम ‘हाउडी मोदी’

कांग्रेस के संचार प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि भारत-अमेरिका का ताज़ा संयुक्त बयान कई अहम मुद्दों पर चुप है। उन्होंने दावा किया कि सामने आई जानकारियों से यह साफ होता है कि भारत अब रूस से तेल आयात नहीं करेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अमेरिका ने यह भी ऐलान किया है कि यदि भारत ने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से रूस से तेल खरीदा, तो उस पर फिर से 25 प्रतिशत का दंडात्मक शुल्क लगाया जा सकता है।

जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि समझौते के तहत भारत अमेरिकी किसानों को फायदा पहुंचाने के लिए आयात शुल्क घटाएगा, जिसका नुकसान भारतीय किसानों को होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इससे अमेरिका से भारत का आयात तीन गुना तक बढ़ सकता है, जिससे भारत का लंबे समय से चला आ रहा वस्तु व्यापार अधिशेष खत्म हो जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका को आईटी और अन्य सेवाओं के निर्यात को लेकर अब भी भारी अनिश्चितता बनी रहेगी, जबकि भारतीय वस्तुओं पर पहले के मुकाबले अधिक शुल्क लगेगा। सारे गले मिलने और फोटो-ऑप्स का नतीजा कुछ नहीं निकला। ‘नमस्ते ट्रंप’ ने ‘हाउडी मोदी’ पर बढ़त बना ली है।

प्रधानमंत्री मोदी का जवाब: ‘मेक इन इंडिया’ को मजबूती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अंतरिम व्यापार समझौते को भारत के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता मेक इन इंडिया अभियान को मजबूती देगा और किसानों, उद्यमियों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और मछुआरों के लिए नए अवसर खोलेगा।प्रधानमंत्री ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह समझौता महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन में मदद करेगा।भारत और अमेरिका के लिए शानदार खबर है। हमने अपने दोनों महान देशों के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे पर सहमति बनाई है। प्रधानमंत्री मोदी ने X पर लिखा।

समझौते के प्रमुख बिंदु

संयुक्त बयान के अनुसार, अमेरिका ने पिछले साल अगस्त में भारत पर लगाए गए 25 प्रतिशत अतिरिक्त आयात शुल्क को हटा दिया है। यह शुल्क रूस से तेल खरीदने के चलते लगाया गया था। अमेरिका ने कहा कि भारत ने इस दिशा में “महत्वपूर्ण कदम” उठाए हैं और रूस से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष तेल आयात रोकने की प्रतिबद्धता जताई है।

इस अंतरिम समझौते से भारतीय निर्यातकों के लिए करीब 30 ट्रिलियन डॉलर के अमेरिकी बाजार के खुलने की उम्मीद है। अमेरिकी शुल्क घटकर 18 प्रतिशत होने से खासकर एमएसएमई, किसान और मछुआरे लाभान्वित होंगे।

समझौते के तहत भारत अमेरिकी औद्योगिक वस्तुओं और कई कृषि एवं खाद्य उत्पादों पर शुल्क खत्म या कम करेगा। इनमें पशु आहार के लिए रेड सोरघम, ड्राय डिस्टिलर्स ग्रेन, ड्राय फ्रूट्स, ताजे और प्रोसेस्ड फल, सोयाबीन तेल, वाइन और स्पिरिट्स शामिल हैं।

दोनों देशों ने इस ढांचे को जल्द लागू करने और आगे चलकर एक व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Bilateral Trade Agreement – BTA) को अंतिम रूप देने की प्रतिबद्धता जताई है।

(एजेंसी इनपुट्स के साथ)

Read More
Next Story