
एशिया में कोविड उछाल, भारत अब भी सुरक्षित दायरे में, घबराने की जरूरत नहीं
केरल में सबसे अधिक 95 सक्रिय मामले हैं, उसके बाद तमिलनाडु में 66 और महाराष्ट्र में 56 मामले हैं; विशेषज्ञों ने गलत सूचना के खिलाफ चेतावनी दी है।
Covid19 surge: जहां एशिया में हांगकांग, सिंगापुर और थाईलैंड में कोविड-19 के मामलों में तेज़ी देखी जा रही है, वहीं भारत में अब तक केवल हल्की वृद्धि दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, भारत में स्थिति नियंत्रण में है और किसी नए वायरस वेरिएंट की पुष्टि नहीं हुई है। जानकारों ने आम जनता को सलाह दी है कि सोशल मीडिया पर कोविड से चल रही खबरों पर ध्यान ना दें। जरूरी सावधानी बरतें जो पहले बताई गई थी। किसी को डरने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है।
भारत में कोविड की वर्तमान स्थिति
देशभर में कुल 257 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से सबसे ज़्यादा केरल (95 मामले), तमिलनाडु (66) और महाराष्ट्र (56) में हैं। अन्य राज्यों में मामलों की संख्या बहुत कम है, जैसे कर्नाटक (13), पुडुचेरी (10), गुजरात (7), राजस्थान (2) और हरियाणा, सिक्किम तथा पश्चिम बंगाल में 1-1 मामला।
सरकारी समीक्षा बैठकें
राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र, आपातकालीन चिकित्सा राहत प्रभाग, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ और ICMR सहित प्रमुख संस्थानों ने स्वास्थ्य महानिदेशक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक की। निष्कर्ष यह रहा कि स्थिति अभी नियंत्रण में है।
केरल की तैयारी
केरल में मई महीने में अब तक 182 कोविड केस दर्ज किए गए, जिनमें सबसे अधिक कोट्टायम से (57 मामले) थे।स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने बयान दिया कि RT-PCR किट और सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।जिन्हें लक्षण हैं, उन्हें जांच की सलाह दी गई है।Omicron JN.1 के उप-संस्करण LF.7 और NB.1.8 दक्षिण-पूर्व एशिया में फैल रहे हैं, पर ये गंभीर नहीं हैं।मास्क पहनना जरूरी किया गया है खासकर बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों वाले लोगों के लिए।
तमिलनाडु की निगरानी
राज्य में लगभग 4,000 संस्थानों में हर दिन सर्दी-जुकाम और SARI मामलों पर निगरानी की जा रही है।स्वास्थ्य निदेशक डॉ. टी.एस. सेल्वविनायगम ने कहा कि कोविड को लेकर पैनिक की कोई ज़रूरत नहीं है।उनका कहना है कि जब तक वायरस अधिक संक्रामक न हो,बहुत अधिक मौतें न हों,अस्पतालों में भर्ती बढ़ न जाएं तब तक इसे खतरा नहीं माना जाएगा।
महाराष्ट्र पूरी सतर्कता में
मुंबई में अधिकांश 56 मामले पाए गए हैं। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि सरकार पूरी तरह सतर्क है और जनता को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
विशेषज्ञों की राय
डॉ. जैकब जॉन और डॉ. चंद्रकांत लहरिया जैसे विशेषज्ञों का कहना है किOmicron अब स्थानिक (endemic) हो गया है।यह आम फ्लू की तरह व्यवहार करता है।भारत में उच्च प्रतिरक्षा स्तर इसकी गंभीरता को कम करता है।
सोशल मीडिया पर फैली अफवाहें
विशेषज्ञों ने सोशल मीडिया पर फैल रही कोविड की नई लहर और ट्रैवल बैन जैसी खबरों को भ्रामक बताया है।JN.1.11.1 उप-संस्करण ही अब तक मामलों में वृद्धि कर रहा है। कोई नया वेरिएंट नहीं पाया गया है।भारत में कोविड के मामलों में हल्की बढ़त ज़रूर है, लेकिन अभी तक किसी नई लहर या गंभीर संकट के संकेत नहीं मिले हैं। मास्क, सफाई और जागरूकता से वायरस को नियंत्रित रखना संभव है।