
दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, साइनाइड गैस और RDX से धमाकों की मिली चेतावनी
धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया है कि परिसर के भीतर 15 आरडीएक्स (RDX) बम धमाके किए जाएंगे। इस धमकी के बाद दिल्ली पुलिस और तमाम सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर...
नई दिल्ली: देश की राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की एक सनसनीखेज धमकी मिली है। विधानसभा कार्यालय को भेजे गए एक धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया है कि परिसर के भीतर 15 आरडीएक्स (RDX) बम धमाके किए जाएंगे। इस धमकी के बाद दिल्ली पुलिस और तमाम सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
धमकी भरे ईमेल में क्या लिखा है?
धमकी देने वाले ने ईमेल में बेहद आपत्तिजनक और डराने वाली भाषा का इस्तेमाल किया है। ईमेल में चेतावनी दी गई है कि अगले 3 घंटे के भीतर दिल्ली विधानसभा के कार्यालयों में 15 आरडीएक्स बम धमाके होंगे। इन बमों में साइनाइड गैस (Cyanide Gas) भरे होने का भी दावा किया गया है।
जातिगत और राजनीतिक टिप्पणी
ईमेल में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) और ब्राह्मण समुदाय को लेकर भी विवादित टिप्पणी की गई है। इसमें कहा गया है कि किसी भी ब्राह्मण को DMK में शामिल नहीं होना चाहिए और यदि कोई शामिल होता है तो उसे अपमानजनक शर्तों का पालन करना होगा।
ईमेल में श्री एस.वी. शेखर का नाम लेते हुए आरोप लगाया गया है कि उन्हें 'बीजेपी ब्राह्मण एजेंट' के तौर पर दक्षिण भारत और DMK में भेजा गया है, और इसी के विरोध में विधानसभा को उड़ाने की धमकी दी गई है।
सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई
ईमेल मिलने के तुरंत बाद दिल्ली विधानसभा परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सर्च ऑपरेशन जारी है। बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) और डॉग स्क्वायड की टीमें पूरे परिसर की सघन तलाशी ले रही हैं।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और आईटी एक्सपर्ट्स उस ईमेल के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रैक करने में जुटे हैं, जिससे यह संदेश भेजा गया है। धमकी की खबर फैलते ही विधानसभा कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। प्रशासन ने सभी को सतर्क रहने की हिदायत दी है।
राजनीतिक और सामाजिक तनाव का प्रयास
धमकी की भाषा को देखते हुए विशेषज्ञों का मानना है कि यह न केवल सुरक्षा को चुनौती देने का प्रयास है। बल्कि इसके जरिए सामाजिक और जातिगत सौहार्द बिगाड़ने की भी कोशिश की गई है। ईमेल में जिस तरह से पेरियार-अंबेडकर के नाम का इस्तेमाल किया गया है और ब्राह्मणों के प्रति नफरत दिखाई गई है, वह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकती है।
पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह किसी शरारती तत्व की 'होक्स कॉल' (झूठी धमकी) है या वाकई कोई गंभीर खतरा है। अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु की बरामदगी की सूचना नहीं मिली है।

