RSS-BJP की तारीफ कर फँसे दिग्विजय सिंह, कांग्रेस में मचा सियासी भूचाल
x

RSS-BJP की तारीफ कर फँसे दिग्विजय सिंह, कांग्रेस में मचा सियासी भूचाल

1990 के दशक की मोदी फोटो शेयर कर RSS संगठन की सराहना, राहुल गांधी टैग—BJP ने कहा ‘Truth Bomb’, कांग्रेस में नेतृत्व पर सवाल


Click the Play button to hear this message in audio format

CWC Meet And Digvijay Singh : कांग्रेस के सीनियर नेता दिग्विजय सिंह की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने पार्टी के भीतर और बाहर सियासी हलचल मचा दी है। 1990 के दशक की नरेंद्र मोदी की पुरानी तस्वीर शेयर कर उन्होंने जिस तरह RSS-BJP संगठन की तारीफ की, उसने सीधे तौर पर कांग्रेस नेतृत्व और उसकी कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।







खास बात यह रही कि इस पोस्ट में दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी को टैग किया। ऐसे में इसे महज़ एक तस्वीर नहीं, बल्कि हाईकमान को दिया गया सियासी संदेश माना जा रहा है, वो भी ऐसे समय में जब कांग्रेस संगठनात्मक सुधार और नेतृत्व को लेकर भीतर ही भीतर जूझ रही है।

BJP ने इस पोस्ट को हाथोंहाथ लपकते हुए इसे कांग्रेस की अंदरूनी सच्चाई का ‘Truth Bomb’ करार दिया है। सवाल यह है कि क्या दिग्विजय सिंह सिर्फ संगठनात्मक ताकत की बात कर रहे थे, या फिर यह पोस्ट कांग्रेस के भीतर चल रही नेतृत्व बहस और असंतोष की खुली झलक है?


यही संगठन की ताकत है

इस फोटो के साथ दिग्विजय सिंह ने लिखा कि कैसे RSS के ज़मीनी कार्यकर्ता और जनसंघ–BJP के सिपाही संगठन में ऊपर तक बढ़ते हैं और मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक बनते हैं।
उन्होंने इसे संगठन की ताकत बताते हुए पोस्ट के अंत में लिखा “जय सिया राम”। यही लाइन कांग्रेस के भीतर सबसे ज्यादा चुभने वाली साबित हुई।

पोस्ट वायरल, विवाद गहराया

जैसे ही पोस्ट वायरल हुई, कांग्रेस खेमे में हलचल तेज हो गई। बढ़ते विवाद को देखते हुए दिग्विजय सिंह ने सफाई दी और कहा कि उन्होंने सिर्फ संगठन की कार्यशैली की तारीफ की है। उन्होंने साफ़ किया कि BJP और RSS का राजनीतिक विरोध वे पहले की तरह जारी रखेंगे।

BJP का पलटवार: ‘Truth Bomb’

BJP ने मौके को भुनाने में देर नहीं की। पार्टी प्रवक्ता सीआर केसवन ने राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह का ट्वीट कांग्रेस की अंदरूनी हकीकत उजागर करता है और दिखाता है कि पार्टी कैसे तानाशाही और अलोकतांत्रिक ढंग से चलाई जा रही है।

BJP ने सवाल उठाया :
क्या राहुल गांधी इस “Truth Bomb” पर जवाब देंगे?

कांग्रेस की पहली प्रतिक्रिया

कांग्रेस सूत्रों ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी को RSS-BJP से नहीं, बल्कि अपने इतिहास और मूल विचारधारा से सीख लेनी चाहिए। हालांकि आधिकारिक तौर पर पार्टी नेतृत्व ने इस मुद्दे पर अब तक कोई बड़ा बयान नहीं दिया है।


सुधारों की चिट्ठी पहले ही लिख चुके हैं

गौरतलब है कि महज एक हफ्ते पहले ही दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी को चिट्ठी लिखकर कांग्रेस में संगठनात्मक सुधार, विकेंद्रीकरण और प्रैगमैटिक अप्रोच की जरूरत बताई थी।
उन्होंने यह भी कहा था कि राहुल गांधी को समझाना “आसान नहीं” है।

निजी सियासत भी कारण?

यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब दिग्विजय सिंह का राज्यसभा कार्यकाल अगले साल खत्म हो रहा है और तीसरे कार्यकाल की संभावनाएँ कमजोर मानी जा रही हैं।

मध्य प्रदेश कांग्रेस में कई नेता

कमलनाथ, मीनाक्षी नटराजन, जीतू पटवारी और उमंग सिंघार उनके विरोधी खेमे में गिने जाते हैं। अब सवाल यह है कि पार्टी नेतृत्व इसे चेतावनी मानेगा या चुप्पी साधेगा।


Read More
Next Story