
'बॉस से ज्यादा चमकने की कोशिश न करें', राघव चड्ढा का केजरीवाल पर इशारों में तंज
राघव चड्ढा ने अपनी एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर साझा की,जिसमें इशारों-इशाों में आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा गया है।
आम आदमी पार्टी (AAP) में जारी अंदरूनी विवाद के बीच राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बिना नाम लिए पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा है।
राघव चड्ढा ने अमेरिकी लेखक रॉबर्ट ग्रीन की किताब The 48 Laws of Power पढ़ते हुए अपनी एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर साझा की। इसमें उन्होंने किताब के पहले अध्याय को हाइलाइट किया, जिसमें कहा गया है कि “अपने बॉस से ज्यादा चमकने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, क्योंकि इससे उनमें असुरक्षा और डर पैदा हो सकता है।”
इस पोस्ट को लेकर राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि यह इशारा केजरीवाल की ओर है।
कुमार विश्वास का पुराना बयान फिर चर्चा में
इस बीच, पूर्व AAP नेता और कवि कुमार विश्वास का डेढ़ साल पुराना बयान भी फिर से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि “राघव चड्ढा अगला शिकार होंगे, क्योंकि वे ज्यादा चमकने लगे हैं।”
राघव की हालिया पोस्ट को उसी बयान से जोड़कर देखा जा रहा है।
कांग्रेस सांसद का दावा: ‘चिट्ठी फाड़कर मुंह पर मारी’
AAP विवाद में अब पटियाला से कांग्रेस सांसद धर्म्वीर गांधी की भी एंट्री हो गई है। एक पॉडकास्ट में उन्होंने दावा किया कि जब वे AAP से सांसद थे, तब राघव चड्ढा ने उन्हें संसद में बोलने के लिए एक चिट्ठी दी थी।
गांधी के मुताबिक, उन्होंने वह चिट्ठी फाड़कर चड्ढा के सामने फेंक दी और उन्हें “गेट आउट” कहकर बाहर जाने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि चिट्ठी में केवल दिल्ली से जुड़े मुद्दे थे, जबकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बोलना चाहते थे।
AAP में टकराव गहराया
गौरतलब है कि 2 अप्रैल को AAP ने Raghav Chadha को राज्यसभा सांसदों के उपनेता पद से हटा दिया था और उनकी जगह Ashok Mittal को नियुक्त किया गया।
इसके बाद राघव चड्ढा ने वीडियो जारी कर कहा था कि उनकी “खामोशी को हार न समझा जाए” और वक्त आने पर वे “सैलाब बनेंगे।”
AAP नेताओं के आरोप
विवाद के बीच AAP के कई नेताओं—जिनमें सौरभ भारद्वाज, आतिशी और भगवंत मान शामिल हैं—ने राघव पर पार्टी लाइन से हटने और राष्ट्रीय मुद्दों पर चुप रहने के आरोप लगाए।
सौरभ भारद्वाज ने यह भी दावा किया कि राघव चड्ढा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी की आलोचना वाले अपने पुराने सोशल मीडिया पोस्ट हटा दिए हैं।
‘पिक्चर अभी बाकी है’
इन आरोपों के बीच राघव चड्ढा लगातार जवाबी वीडियो जारी कर रहे हैं। 5 अप्रैल को उन्होंने एक और वीडियो शेयर करते हुए लिखा—“यह तो सिर्फ ट्रेलर है, पूरी कहानी अभी बाकी है।”
उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब उनके लिए सिर्फ एक मुद्दा नहीं, बल्कि “उनका घर, कर्तव्य और पहचान” है।
राघव चड्ढा की हालिया पोस्ट और बयानों को AAP के भीतर बढ़ते टकराव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया है, लेकिन उनके संदेशों के निहितार्थ को लेकर सियासी गलियारों में अटकलें तेज हैं।

