राज्यसभा की 37 सीटों पर 16 मार्च को होगा मतदान, चुनाव आयोग ने किया ऐलान
x

राज्यसभा की 37 सीटों पर 16 मार्च को होगा मतदान, चुनाव आयोग ने किया ऐलान

चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 37 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा की है। ये चुनाव 16 मार्च 2026 को होंगे और उसी दिन मतगणना भी की जाएगी। इस चुनाव की प्रक्रिया 26 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च तक पूरी होगी।


नई दिल्ली: भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने बुधवार को ऐलान कर दिया है कि राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव अगले महीने 16 मार्च को होंगे। महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, ओडिशा, हरियाणा समेत दूसरे राज्यों से खाली सीटों के लिए होंगे। चुनाव आयोग ने बताया कि वोटों की गिनती भी उसी दिन मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद शुरू होगी। ये चुनाव इसलिए कराए जा रहे हैं क्योंकि अप्रैल 2026 में 37 मौजूदा राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

महाराष्ट्र से सबसे ज्यादा सीटें खाली

राज्यसभा की ये 37 सीटें देश के 10 राज्यों में फैली हुई हैं। इनमें महाराष्ट्र से सबसे ज्यादा 7 सीटें खाली हो रही हैं। शरद पवार , प्रियंका चतुर्वेदी,राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश समेत कई दूसरे नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इसके अलावा तमिलनाडु में भी 6 सदस्य रिटायर हो रहे हैं। अन्य राज्यों में बंगाल, असम और बिहार शामिल हैं, जहां राज्यसभा सीटें रिक्त हो रही हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़, हरियाणा और तेलंगाना के भी सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। इन राज्यों की विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य राज्यसभा के नए प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।



चुनाव कार्यक्रम और अहम तारीखें

चुनाव आयोग द्वारा जारी प्रेस नोट (18 फरवरी 2026) के अनुसार चुनाव की अधिसूचना 26 फरवरी 2026 को जारी की जाएगी। इसके बाद नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 5 मार्च 2026 तय की गई है। 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 9 मार्च तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। मतदान 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 मार्च 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।




Read More
Next Story