
बंगाल से केरल तक चुनावी बिगुल, आज तारीखों का ऐलान संभव
चुनाव आयोग आज बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर सकता है। घोषणा के साथ ही इन राज्यों में आचार संहिता लागू हो जाएगी।
चुनाव आयोग (ECI) आज पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। इस संबंध में चुनाव आयोग शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच नई दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा, जिसमें चुनावी तारीखों और चरणों की पूरी जानकारी दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि इस बार चुनाव आयोग मतदान की प्रक्रिया को कम चरणों में पूरा करने पर विचार कर रहा है। जैसे ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होगी, इन सभी राज्यों में तुरंत प्रभाव से ‘आदर्श चुनाव आचार संहिता’ (Model Code of Conduct) लागू हो जाएगी।
बताया जा रहा है कि 2021 के विधानसभा चुनावों की तुलना में इस बार मतदान के चरणों की संख्या कम हो सकती है। पिछली बार पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में मतदान हुआ था, लेकिन इस बार चरणों को घटाने की योजना है। इसके लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई जाएगी, ताकि विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में निष्पक्ष और हिंसा-मुक्त मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
इधर असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में अंतिम मतदाता सूची के खिलाफ अपील करने की समयसीमा समाप्त हो चुकी है। चुनाव आयोग ने इन राज्यों में चुनावी तैयारियों की समीक्षा भी पूरी कर ली है और अब केवल आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
इन राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून 2026 के बीच समाप्त हो रहा है। ऐसे में संभावना है कि अप्रैल और मई के दौरान इन राज्यों में मतदान कराया जाएगा।
वहीं चुनाव आयोग द्वारा आज चुनाव वाले राज्यों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा किए जाने की संभावना पर BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि अगर घोषणा होने वाली है तो यह अच्छी बात है। तारीखों की घोषणा होने के बाद, हम IPL का पूरा कार्यक्रम जारी कर पाएंगे।

