
'क्या भारत अमेरिका की 'कॉलोनी' बन गया है?' मनीष सिसोदिया का PM Modi पर तीखा हमला
आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है।
Aam Aadmi Party: आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा प्रहार किया। माता वैष्णो देवी के दर्शन के बाद जम्मू पहुंचे सिसोदिया ने देश में मौजूदा राजनीतिक स्थिति को तानाशाही के खिलाफ जंग करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश में ऐसा माहौल बना दिया गया है जहाँ सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले किसी भी व्यक्ति को झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेज दिया जाता है।
सिसोदिया ने PM मोदी पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर यही हाल रहा तो देश को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अगर लोग सवाल पूछेंगे तो उन्हें जेल भेज दिया जाएगा और महंगाई की मार भी झेलनी पड़ेगी। इस दौरान सिसोदिया ने अमेरिका को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि भारत एक स्वतंत्र देश है और इसे किसी भी दूसरे देश की कॉलोनी के रूप में नहीं देखा जा सकता। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए भगत सिंह और महात्मा गांधी जैसे महान नेताओं ने संघर्ष किया था।
मोदी सरकार पर तंज कसते हुए सिसोदिया ने कहा कि यह विडंबना है कि जो लोग स्कूल या अस्पताल की मांग करते हैं, उन पर 'राष्ट्रीय सुरक्षा कानून' (NSA) लगा दिया जाता है और उन्हें देश के लिए खतरा घोषित कर दिया जाता है। उन्होंने कहा, 'इतिहास नरेंद्र मोदी को एक ऐसे प्रधानमंत्री के रूप में याद रखेगा जो अमेरिका के सामने झुकने में कभी नहीं हिचकिचाए, लेकिन अपने ही देश के देशभक्त लोगों को जेल भेजने में उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी।'
गैस संकट और बढ़ती महंगाई पर घेरा
सिसोदिया ने देश में एलपीजी (LPG) की बढ़ती कीमतों और ईंधन संकट को लेकर भी केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, 'सिलेंडर के दाम बढ़ रहे हैं, होटल व्यवसाय घाटे में है, नौकरियां जा रही हैं और व्यापार बर्बाद हो रहा है। यह नरेंद्र मोदी का देश की जनता को 'तोहफा' है।' उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि अगर इसी तरह की राजनीति चलती रही, तो स्कूल-अस्पताल की बात करने वाले जेल जाएंगे और आम आदमी महंगी गैस और गिरते कारोबार की मार झेलता रहेगा।
तानाशाही के खिलाफ लड़नी होगी लड़ाई
सिसोदिया जम्मू में अपने मित्र और आप नेता महाराज मलिक के परिवार से मिलने पहुंचे थे। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मुझे यह देखकर दुख होता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ऐसी स्थिति पैदा कर दी गई है कि जब भी कोई आवाज उठाई जाती है, तो उस व्यक्ति को बस जेल में डाल दिया जाता है।' उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक,आम आदमी पार्टी के नेता महाराज मलिक, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन, सांसद संजय सिंह और खुद उनके खिलाफ भी झूठे मामले बनाए गए।
सिसोदिया ने स्थानीय कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा, 'यह तानाशाही के खिलाफ लड़ाई है। मैंने जम्मू में अपने दोस्तों से कहा है कि हमें हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। जिस तरह दिल्ली के मामलों में अदालतों ने भाजपा के झूठ की परतें खोलीं और यह दिखाया कि सत्ता की भूख के लिए लोगों को परेशान किया जा रहा है, उसी तरह महाराज मलिक के मामले में भी सच्चाई सामने आएगी।'

