महाराष्ट्र, तामिलनाडू समेत 5 राज्यों में रेड अलर्ट, दिल्ली में दो दिन चलेंगी तेज हवाएं
x

महाराष्ट्र, तामिलनाडू समेत 5 राज्यों में रेड अलर्ट, दिल्ली में दो दिन चलेंगी तेज हवाएं

देश में समय से पहले मानसून की दस्तक. मौसम विभाग का कहना है कि आम तौर पर मई के महीने में पश्चिम विक्षोभ नहीं बनते लेकिन इस बार ऐसा देखने को मिल रहा है.


Indian Weather: इस साल देश में मानसून ने समय से पहले दस्तक दे दी है। वहीं दिल्ली और एनसीआर में बीते एक हफ्ते में दो बार तेज आंधी और बारिश आई है। इसकी वजह से कई जगहों पर पेड़ गिर गए, जिससे जान-माल का नुकसान भी हुआ है।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार के मुताबिक, यह सब पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) की वजह से हुआ है। मई महीने में आमतौर पर ऐसा कम देखने को मिलता है, लेकिन इस बार लगातार इसका असर हो रहा है। साथ ही राजस्थान के ऊपर बना एक सिस्टम भी इसकी वजह बना है, जिससे बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बनी।


दिल्ली में दो दिन चलेंगी 50 किलोमीटर तक की रफ्तार से हवाएं

डॉ नरेश कुमार ने दावा किया कि मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार आने वाले दो दिनों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 29 और 30 मई को दिल्ली-एनसीआर में फिर तेज हवाएं चल सकती हैं। इनकी रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। इस दौरान लोगों को थोडा सतर्क रहने की जरुरत है।


इन राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में बहुत ज्यादा बारिश की चेतावनी दी है। जिन राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया गया है, वहाँ 20 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश हो सकती है। ये राज्य हैं:

  • महाराष्ट्र (खासकर कोंकण और मध्य महाराष्ट्र)
  • केरल
  • कर्नाटक (पूरे राज्य में)
  • तमिलनाडु
  • गोवा

इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


मुंबई और महाराष्ट्र में मानसून पहले ही पहुंचा

इस बार मानसून ने मुंबई और महाराष्ट्र में समय से पहले एंट्री कर ली है। अरब सागर में बने कम दबाव वाले सिस्टम की वजह से ये स्थिति बनी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में मानसून और आगे बढ़ेगा और महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों को भी कवर करेगा।


क्या मौसम विभाग AI तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है?

जब वैज्ञानिक से पूछा गया कि क्या मौसम विभाग अलर्ट भेजने के लिए नई तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है, तो उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया। उनहोंने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा ये भी पूछा गया कि सभी को SMS के जरिए अलर्ट जो भेजे जाते थे, वो अब सबको नहीं मिल रहे हैं। इस पर डॉ नरेश कुमार ने कहा कि हमारी तरफ से सभी को मेसेज भेजे जाते हैं।


Read More
Next Story