भारत अपने फैसले खुद लेता है, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का कड़ा संदेश
x

भारत अपने फैसले खुद लेता है, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का कड़ा संदेश

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा, भारत संप्रभु राष्ट्र है, जो खुद निर्णय लेता है। ट्रंप के युद्धविराम दावे पर प्रतिक्रिया में बोले- बाहर के नैरेटिव से न घबराएं।


उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भारतीय रक्षा संपदा सेवा (IDES) 2024 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत एक संप्रभु राष्ट्र है और उसे कोई बाहरी ताकत यह नहीं बता सकती कि उसे कैसे अपने मामले संभालने हैं।उपराष्ट्रपति ने कहा, "बाहरी नैरेटिव से प्रभावित न हों। भारत में हर फैसला यहां की नेतृत्व व्यवस्था लेती है। इस ग्रह पर कोई ताकत नहीं है जो भारत को आदेश दे सके कि उसे क्या करना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय समुदाय का हिस्सा है और अन्य देशों के साथ आपसी सम्मान और संवाद के साथ कार्य करता है, लेकिन अंत में हम संप्रभु हैं और अपने निर्णय खुद लेते हैं।धनखड़ ने अपने भाषण में क्रिकेट का उदाहरण देते हुए कहा, "क्या हर खराब गेंद को खेलना ज़रूरी है? क्रिकेट पिच पर अच्छा खिलाड़ी खराब गेंदों को छोड़ देता है। वे लुभाती हैं, लेकिन उन्हें नहीं छेड़ा जाता। जो छेड़ते हैं, उनके लिए विकेटकीपर और गली में खिलाड़ी होते हैं।

उपराष्ट्रपति का यह बयान ऐसे समय आया है जब विपक्ष सरकार से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे पर स्पष्टीकरण मांग रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया संघर्ष में उन्होंने "सीज़फायर" करावाया। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि 10 मई को भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम हुआ और इसका संबंध उनके द्वारा दिए गए व्यापार प्रस्ताव से था। एक दावा जिसे भारत ने कई बार खारिज किया है।

यह समझौता सीधे भारत और पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों (DGMOs) के बीच हुआ था। ट्रंप ने शुक्रवार को यह भी दावा किया कि मई में संघर्ष के दौरान पांच लड़ाकू विमान गिराए गए, हालांकि इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि या सबूत सामने नहीं आया है।

Read More
Next Story