‘घटिया और निराधार कल्पना’, एपस्टीन दस्तावेजों पर भारत की दो टूक
x

‘घटिया और निराधार कल्पना’, एपस्टीन दस्तावेजों पर भारत की दो टूक

एपस्टीन से जुड़ी अमेरिकी जांच फाइलों में पीएम मोदी के संदर्भ को भारत ने खारिज किया। विदेश मंत्रालय ने इसे दोषी अपराधी की निराधार कल्पना बताया।


भारत ने जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी जांच फाइलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदर्भ का कड़ा खंडन किया। भारत ने इसे एक दोषी अपराधी की घटिया और निराधार कल्पनाओं से ज्यादा कुछ नहीं बताते हुए कहा कि ऐसे दावों को “पूरी तरह तिरस्कार के साथ खारिज किया जाना चाहिए।

अमेरिकी अधिकारियों ने दोषी यौन तस्कर जेफ्री एपस्टीन से संबंधित नवीनतम जांच फाइलें सार्वजनिक की हैं। इन दस्तावेजों के सामने आने के बाद भारत की ओर से यह प्रतिक्रिया आई है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक बयान में कहा, “हमने तथाकथित एपस्टीन फाइलों से जुड़े एक ईमेल की रिपोर्टें देखी हैं, जिसमें प्रधानमंत्री और उनकी इज़रायल यात्रा का संदर्भ दिया गया है।”

उन्होंने आगे कहा, “जुलाई 2017 में प्रधानमंत्री की आधिकारिक इज़रायल यात्रा के तथ्य से इतर, ईमेल में किए गए अन्य सभी संकेत एक दोषी अपराधी की घटिया और निराधार कल्पनाओं से अधिक कुछ नहीं हैं, जिन्हें पूरी तरह तिरस्कार के साथ खारिज किया जाना चाहिए। यह ईमेल उन जांच दस्तावेजों का हिस्सा है, जिन्हें अमेरिकी न्याय विभाग ने शुक्रवार को जारी किया। अमेरिकी न्याय विभाग ने अमेरिकी कांग्रेस द्वारा पारित एक कानून के तहत 35 लाख पन्नों के दस्तावेज और करीब 2,000 वीडियो सार्वजनिक किए हैं।

Read More
Next Story