
इंडिगो का रिकॉर्ड निचले स्तर पर OTP, यात्रियों की मुसीबत बढ़ी!
IndiGo cancellations: करीब 2,300 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रोज संचालित करने वाली इंडिगो अब हालात संभालने के लिए कई उड़ानें खुद ही रद्द कर रही है।
IndiGo flight delay: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की ऑन-टाइम परफॉर्मेंस (OTP) गुरुवार (4 दिसंबर 2025) को गिरकर सिर्फ 8.5% रह गई। लगातार बढ़ रही परिचालन अव्यवस्था और क्रू की कमी की वजह से उड़ानों के शेड्यूल बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
करीब 2,300 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रोज संचालित करने वाली इंडिगो अब हालात संभालने के लिए कई उड़ानें खुद ही रद्द कर रही है। कंपनी के भीतर चल रही क्रू-संबंधी समस्याओं ने सिस्टम को इतना प्रभावित कर दिया है कि बड़ी संख्या में उड़ानें घंटों देरी से चल रही हैं।
OTP में रिकॉर्ड गिरावट
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार:-
मंगलवार: OTP थी 35%
बुधवार: गिरकर हुई 19.7%
गुरुवार: धड़ाम होकर सिर्फ 8.5%
इंडिगो, जो अपनी समयबद्धता को अपनी सबसे बड़ी पहचान बताती रही है, पिछले तीन दिनों से लगातार खराब प्रदर्शन कर रही है।
अन्य एयरलाइनों की स्थिति
इसी दौरान अन्य एयरलाइंस का OTP इस प्रकार रहा:-
एयर इंडिया: 61%
एयर इंडिया एक्सप्रेस: 58.6%
अकासा एयर: 63%
स्पाइसजेट: 56.4%
अलायंस एयर: 56%
OTP देश के छह प्रमुख हवाईअड्डों दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद और कोलकाता के आधार पर मापा जाता है।
शेयर पर भी असर
इंडिगो की पैरेंट कंपनी के हिस्सेदार राहुल भाटिया के ग्रुप की एयरलाइन के शेयर भी गिरावट में रहे। शुक्रवार को दोपहर के कारोबार में शेयर करीब 3% गिरकर ₹5,291.45 पर आ गया।

