IRCTC ने Vande Bharat Sleeper के लिए जारी किया नया मेन्यू,देखिए वेज और नॉन-वेज खाने की पूरी लिस्ट
x

IRCTC ने Vande Bharat Sleeper के लिए जारी किया नया मेन्यू,देखिए वेज और नॉन-वेज खाने की पूरी लिस्ट

IRCTC ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के लिए नया फूड मेन्यू जारी किया है। अब हावड़ा–कामाख्या–हावड़ा रूट पर यात्रियों को वेज और नॉन-वेज दोनों तरह के भोजन विकल्प मिलेंगे।


Vande Bharat New Food Menu: IRCTC ने पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के लिए नया और फूड मेन्यू जारी किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जनवरी को कामाख्या–हावड़ा–कामाख्या वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी। इसके बाद यह ट्रेन 22 जनवरी से व्यावसायिक रूप से यात्रियों के लिए शुरू हो गई। यह ट्रेन खासतौर पर लंबी दूरी की रात की यात्रा को आरामदायक बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

यात्रियों को मिलेंगे वेज और नॉन-वेज दोनों विकल्प

IRCTC ने बुधवार को जानकारी दी कि हावड़ा–कामाख्या–हावड़ा वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में अब यात्री शाकाहारी (वेज) और मांसाहारी (नॉन-वेज) दोनों तरह के भोजन का विकल्प चुन सकते हैं। पहले इस ट्रेन में केवल शाकाहारी भोजन ही उपलब्ध था, जिससे कई यात्रियों को असुविधा हो रही थी। 1 फरवरी को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी इस बात की पुष्टि की थी कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में जल्द ही नॉन-वेज भोजन की सुविधा शुरू की जाएगी। अब IRCTC ने इस घोषणा को लागू करते हुए मेन्यू जारी कर दिया है, जिसमें बंगाली स्वाद के कई पारंपरिक व्यंजन शामिल किए गए हैं।

हावड़ा से कामाख्या जाने वाली ट्रेन (27575) का फूड मेन्यू

हावड़ा से कामाख्या जाने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन संख्या 27575 में यात्रियों को चाय, बिस्कुट और मफिन के अलावा तीन अलग-अलग मेन्यू विकल्प दिए जाएंगे। मुख्य भोजन में यात्रियों को बसंती पुलाव, घी राइस या हरी मटर पुलाव में से कोई एक विकल्प मिलेगा। इसके साथ पराठा, छोले की दाल (छोलार दाल) और सब्जियों में आलू-गाजर-मेथी-मटर भुजा या झुरी आलू भुजा परोसी जाएगी। इसके अलावा यात्रियों को मटर पनीर, छानार डालना या ढोकर डालना जैसे पारंपरिक बंगाली व्यंजन भी मिलेंगे।

नॉन-वेज भोजन पसंद करने वाले यात्रियों के लिए बंगाली चिकन करी, मुर्ग रोगनी या मुर्गीर झोल जैसे स्वादिष्ट विकल्प रखे गए हैं। मिठाई में यात्रियों को संदेश, काला जामुन या खीर कदम में से कोई एक विकल्प दिया जाएगा।

कामाख्या से हावड़ा जाने वाली ट्रेन (27576) का फूड मेन्यू

वहीं, कामाख्या से हावड़ा जाने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन संख्या 27576 के लिए भी IRCTC ने अलग मेन्यू तैयार किया है। इस ट्रेन में भी चाय, बिस्कुट और मफिन के साथ मुख्य भोजन परोसा जाएगा। यहां यात्रियों को जीरा राइस, जीरा कॉर्न पुलाव या किशमिश पुलाव में से विकल्प मिलेगा। इसके साथ तेहदार पराठा, मिक्स दाल (अरहर और मूंग) और सब्जियों में लेसेरा आलू भाजी, भिंडी आलू भाजी या बीन्स आलू भाजी शामिल हैं। मुख्य डिश में पनीर मसाला या कड़ाही पनीर दिया जाएगा। नॉन-वेज विकल्प में चिकन मसाला और चिकन करी शामिल हैं। मिठाई के तौर पर यात्रियों को नारियल बर्फी, लाल मोहन या रसगुल्ला परोसा जाएगा।

यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने की कोशिश

IRCTC का कहना है कि इस नए मेन्यू का उद्देश्य यात्रियों को स्वाद, गुणवत्ता और क्षेत्रीय व्यंजनों का बेहतर अनुभव देना है। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में अब न केवल आरामदायक यात्रा होगी, बल्कि स्वादिष्ट और पसंद के अनुसार भोजन का विकल्प भी मिलेगा।

Read More
Next Story