
'तो संसद में महाभारत हो जाता', किरेन रिजिजू ने बताया कांग्रेस सांसदों ने क्या किया
बजट सत्र का पहला चरण हंगामे में घिरा रहा। स्पीकर कक्ष में कांग्रेस सांसदों के व्यवहार पर रिजिजू ने वीडियो जारी कर गंभीर आरोप लगाए, सियासत तेज हुई।
बजट सत्र का पहला भाग 13 फरवरी को संपन्न होगा। लेकिन सत्र का यह पहला हिस्सा होहल्ला, हंगामा, राष्ट्रपति के अभिभाषण पर पीएम को लोकसभा में न बोलने देने के लिए याद किया जाएगा। इसके अलावा सत्र के पहले चरण में विपक्षी सांसदों द्वारा स्पीकर के चैंबर में कांग्रेस सांसदों का व्यवहार भी चर्चा में है। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि स्पीकर के चैंबर में जब विपक्ष खासतौर से कांग्रेस के सांसद जैसे घुसे और हल्ला मचाया उसे जान वो भी सकते में आ गए हैं। रिजिजू ने एक वीडियो भी जारी किया।
रिजिजू ने वीडियो पोस्ट करते हुए इसे अवैध क्लिप बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि 20-25 कांग्रेस सांसद अध्यक्ष के कक्ष में घुस गए, अपशब्द कहे और प्रधानमंत्री को धमकी दी। उन्होंने लिखा कि उनकी पार्टी बहस और चर्चा में विश्वास रखती है, लेकिन सांसदों को शारीरिक रूप से धमकाने का समर्थन नहीं करती।
वीडियो में क्या दिखा?
रिजिजू द्वारा साझा किए गए वीडियो में कांग्रेस सांसदों को लोकसभा स्पीकर के चैंबर में तेज आवाज में विरोध दर्ज कराते आप देख सकते हैं। उन्होंने इस क्लिप के साथ अपना बयान भी जारी किया।
प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल पर आरोप
रिजिजू ने दावा किया कि प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में विपक्षी सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि सांसदों ने यह भी कहा कि जब प्रधानमंत्री संसद आएंगे तो देखेंगे हम क्या करते हैं। रिजिजू ने कहा कि यदि सत्तापक्ष अपने सांसदों को संयम बरतने के लिए न कहता तो संसद में स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
बजट चर्चा के बाद टूटा गतिरोध
मंगलवार को लोकसभा में आम बजट पर चर्चा हुई, जिसमें विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई सांसदों ने भाग लिया। कई दिनों के गतिरोध के बाद सदन में विधायी कामकाज सुचारु रूप से चला। चर्चा के समापन पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जवाब दिया।

