लोक सभा : रसोई में नहीं होगी गैस की कमी, राहुल के आरोपों पर पुरी का जवाब
x

लोक सभा : 'रसोई में नहीं होगी गैस की कमी', राहुल के आरोपों पर पुरी का जवाब

संसद में गूंजा मिडिल ईस्ट जंग और तेल संकट का मुद्दा। राहुल गांधी ने सरकार को घेरा, हरदीप पुरी ने जवाब में कहा- 'भारत की क्रूड सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित है'।


Oil Crisis And India : मध्य पूर्व में जारी भीषण युद्ध की तपिश अब भारतीय संसद तक पहुंच गई है। गुरुवार को लोकसभा में देश में गहराते तेल और गैस संकट पर तीखी बहस हुई। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस मुद्दे को उठाते हुए सरकार को चेतावनी दी कि यह केवल एक डरावनी शुरुआत है। उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के बंद होने से पड़ने वाले दूरगामी प्रभावों पर गहरी चिंता व्यक्त की।

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए सदन को आश्वस्त किया कि भारत की ऊर्जा स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत ने वैकल्पिक मार्गों से अपनी जरूरत का कच्चा तेल सुरक्षित कर लिया है। हरदीप पुरी ने दावा किया कि आधुनिक ऊर्जा इतिहास में दुनिया ने ऐसा संकट पहले कभी नहीं देखा, लेकिन प्रधानमंत्री की कूटनीति की वजह से भारत सुरक्षित है। सदन में सरकार ने यह भी जानकारी दी कि घरेलू एलपीजी (LPG) के उत्पादन में 28 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी की गई है ताकि रसोई तक गैस की निर्बाध आपूर्ति बनी रहे।


राहुल गांधी की चेतावनी: 'यह तो बस शुरुआत है'
लोकसभा में चर्चा की शुरुआत करते हुए राहुल गांधी ने मिडिल ईस्ट की जंग को वैश्विक संकट बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच छिड़ी इस जंग के परिणाम भारत के लिए बेहद खतरनाक होंगे। राहुल ने कहा कि दुनिया का 20 प्रतिशत तेल जिस होर्मुज स्ट्रेट से आता है, वह अब बंद हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि देश में रेस्टोरेंट बंद हो रहे हैं और एलपीजी को लेकर जनता में पैनिक है। नेता विपक्ष ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता का असली दर्द तो अभी शुरू हुआ है और आगे स्थिति और गंभीर हो सकती है।

हरदीप पुरी का जवाब: 'क्रूड सप्लाई पर कोई खतरा नहीं'
विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि भारत की तेल आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से सुरक्षित है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि संकट से पहले भारत का 45 प्रतिशत कच्चा तेल होर्मुज के रास्ते आता था। प्रधानमंत्री की शानदार डिप्लोमैटिक पहुंच के कारण अब भारत उतना तेल हासिल कर रहा है, जितना इस रास्ते से आ सकता था। पुरी ने कहा कि देश की रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता से अधिक काम कर रही हैं। उन्होंने सदन को भरोसा दिया कि पेट्रोल, डीजल, केरोसिन और एटीएफ (ATF) की देश में कोई कमी नहीं है।

वैकल्पिक रास्तों से आ रहा है तेल और गैस
हरदीप पुरी ने बताया कि युद्ध शुरू होने से पहले भारत का 55 प्रतिशत क्रूड दूसरे रास्तों से आता था, जो अब बढ़कर 70 प्रतिशत हो गया है। भारत ने अपने विकल्पों का विस्तार किया है और अब 27 के बजाय 40 देशों से कच्चा तेल मंगाया जा रहा है। सरकार अब अमेरिका, नॉर्वे, कनाडा, अल्जीरिया और रूस जैसे देशों से बड़े पैमाने पर कार्गो मंगा रही है। उन्होंने कहा कि भारत के पास गैस उत्पादन और आपूर्ति के इतने पुख्ता इंतजाम हैं कि लंबी लड़ाई चलने पर भी देश को संकट नहीं होगा।

रसोई गैस की आपूर्ति पर सरकार का बड़ा दावा
देश में एलपीजी की किल्लत की खबरों पर लगाम लगाते हुए मंत्री ने कहा कि पिछले 5 दिनों में रिफाइनरियों में एलपीजी उत्पादन 28 प्रतिशत तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि 33 करोड़ परिवारों, खासकर गरीबों की रसोई में गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी। हरदीप पुरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह समय अफवाहें फैलाने या झूठी बातें करने का नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि घरों और खेतों के लिए गैस की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है और डिलीवरी साइकिल में कोई बदलाव नहीं किया गया है।


Read More
Next Story