
अचानक क्यों बढ़े घरेलू सिलेंडर के दाम, क्या आगे और भी होगा इजाफा?
तेल कंपनियों ने घरेलू LPG सिलेंडर 60 रुपये महंगा कर दिया। 7 मार्च से दिल्ली में 14.2 किलोग्राम सिलेंडर 913 रुपये का हो गया, जबकि उज्ज्वला लाभार्थियों को राहत दी गई है।
महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को एक और झटका लगा है। तेल कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 7 मार्च से लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 913 रुपये हो गई है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी को इस फैसले की मुख्य वजह माना जा रहा है, जिसका सीधा असर अब आम परिवारों की रसोई पर पड़ेगा।
11 महीनों में दूसरी बार बढ़े दाम
तेल कंपनियों ने पिछले करीब 11 महीनों में दूसरी बार घरेलू LPG की कीमतों में इजाफा किया है। इससे पहले अप्रैल 2025 में सिलेंडर के दाम 50 रुपये बढ़ाए गए थे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों की अस्थिरता और बढ़ती लागत के कारण कंपनियों पर दबाव बढ़ रहा था, जिसके चलते यह फैसला लिया गया।
14.2 किग्रा घरेलू सिलेंडर के दाम में करीब एक साल बाद इजाफा (60 रुपए बढ़ा)
19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 115 रुपए बढ़े
दिल्ली में घरेलू सिलेंडर की कीमत 853 से बढ़कर 913 रुपए
कोलकाता में 879 रुपए से बढ़कर 939
चेन्नई में 868.50 रुपए से बढ़कर 928.50 रुपए
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम
दिल्ली में अब कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1883 होगी
मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1835 होगी
कोलकाता में यह कीमत अब 1990 रुपए
चेन्नई में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब 2043.50 रुपए होगी।
अलग-अलग शहरों में नई कीमतें
एलपीजी सिलेंडर की कीमतें राज्यों में लगने वाले वैट और स्थानीय टैक्स के कारण अलग-अलग शहरों में थोड़ी भिन्न होती हैं। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) की वेबसाइट के अनुसार नई दरों के तहत मुंबई में 14.2 किलोग्राम का घरेलू एलपीजी सिलेंडर 912.50 रुपये का हो गया है। कोलकाता में इसकी कीमत 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये हो गई है।
उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को राहत
सरकार की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले एलपीजी कनेक्शन पर फिलहाल इस बढ़ोतरी का असर नहीं डाला गया है। इस योजना के तहत देशभर में 10 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन दिए गए हैं और उनके लिए सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कमर्शियल गैस भी हुई महंगी
इस महीने की शुरुआत में तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम भी बढ़ाए थे। होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाले 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 1,883 रुपये हो गई है।
क्या मिडिल ईस्ट तनाव की वजह से बढ़े LPG के दाम?
आमतौर पर कमर्शियल और घरेलू LPG सिलेंडर के दाम हर महीने की पहली तारीख को तय किए जाते हैं। लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। तेल कंपनियों ने 7 मार्च को अचानक एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाने का ऐलान किया, जिसने लोगों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल यह बढ़ोतरी ऐसे समय में की गई है जब मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ रहा है और गैस सप्लाई पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यही कारण है कि सरकार और तेल कंपनियां पहले से एहतियात बरत रही हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर असर
मिडिल ईस्ट संकट के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) का बंद होना भी चिंता का बड़ा कारण माना जा रहा है। भारत अपनी गैस सप्लाई का लगभग 80 से 90 प्रतिशत हिस्सा इसी मार्ग से आयात करता है।
ऐसे में अगर इस रास्ते पर आपूर्ति बाधित होती है तो भारत में गैस की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। इसी वजह से एलपीजी की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी को सरकार की एहतियाती रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है, ताकि देश में पर्याप्त गैस भंडार बना रहे और सप्लाई में कोई बड़ी समस्या न आए।
भारत के पास कितना गैस रिजर्व?
कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत के पास फिलहाल लगभग 12 दिनों का ही गैस रिजर्व बचा हुआ है। इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने तेल कंपनियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि किसी भी संभावित संकट की स्थिति में सप्लाई प्रभावित न हो।
गौरतलब है कि देश में करीब 33.2 करोड़ सक्रिय एलपीजी उपभोक्ता हैं, जिनकी रोजमर्रा की जरूरतें इस सप्लाई पर निर्भर करती हैं।
क्या आगे और बढ़ सकते हैं दाम?
इस बीच कतर के ऊर्जा मंत्री साअद अल-काबी ने भी चेतावनी दी है कि अगर युद्ध लंबा खिंचता है तो वैश्विक ऊर्जा बाजार में बड़ा संकट पैदा हो सकता है।
उनके मुताबिक ऐसी स्थिति में कच्चे तेल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर तक बढ़ सकती हैं और यह 150 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं। अगर ऐसा होता है तो गैस की सप्लाई भी प्रभावित हो सकती है और आने वाले समय में LPG की कीमतों में और बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

