
दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक, गेट तोड़कर परिसर के अंदर घुस गई एक अज्ञात कार
कार का रजिस्ट्रेशन नंबर उत्तर प्रदेश का था। लेकिन अब तक न कार का पता चल पाया है और न ही कार में बैठे लोगों का
दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में एक बड़ी चूक का मामला सामने आया है। यहां एक अज्ञात कार गेट तोड़कर परिसर के अंदर घुस गई और फिर वहां से फरार होने में सफल रही। मिली जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने विधानसभा के गेट को टक्कर मारी और उसे तोड़कर अंदर दाखिल हो गई।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पंजीकरण नंबर वाली एक गाड़ी ने गेट नंबर 2 से अंदर प्रवेश किया, जिससे सुरक्षा कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई और अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करनी पड़ी। वाहन पहले बैरिकेड से टकराया और फिर किसी तरह विधानसभा परिसर में प्रवेश कर गया।
अचानक हुई इस घटना से वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। इससे पहले कि उसे रोका जाता, चालक कार समेत मौके से भाग निकलने में कामयाब रहा।
बताया जा रहा है कि वाहन में सवार लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष की गाड़ी पर स्याही फेंकी और फिर मौके से फरार हो गए।
अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक आरोपी दिल्ली विधानसभा के गेट संख्या दो को टक्कर मारकर भागा है। घटना दोपहर ढाई बजे के आसपास की है और गाड़ी आगरा नंबर की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में तुरंत ऐक्शन लेते हुए गाड़ी की तलाश शुरू कर दी है।
इस घटना ने विधानसभा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की पर्याप्तता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि यह क्षेत्र वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और विधायकों की मौजूदगी के कारण अत्यंत सुरक्षित माना जाता है।
अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है कि मौजूदा सुरक्षा प्रोटोकॉल के बावजूद वाहन बैरिकेड को कैसे तोड़कर प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने में सफल रहा। घटना के क्रम को समझने और वाहन की पहचान के लिए विभिन्न प्रवेश द्वारों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

