जनगणना 2027 : पहले फेज में पूछे जाएंगे 33 सवाल, घर की फर्श और छत से लेकर अनाज तक सबकी जानकारी
x
जनगणना के पहले चरण में मकान, परिवार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विस्तृत सवाल शामिल हैं। (AI generated image)

जनगणना 2027 : पहले फेज में पूछे जाएंगे 33 सवाल, घर की फर्श और छत से लेकर अनाज तक सबकी जानकारी

अधिसूचना के अनुसार, जनगणना अधिकारी भारत की जनगणना 2027 के संबंध में आवास गणना और घर-सूचीकरण के दौरान इन सभी सवालों को पूछ सकते हैं। सवालों की शुरुआत भवन संख्या, मकान के फर्श, दीवारों और छत की मुख्य निर्माण सामग्री से होगी।


केंद्र सरकार ने गुरुवार को जनगणना 2027 के पहले चरण के लिए पूछे जाने वाले 33 सवालों की सूची जारी कर दी है। यह सूची गजट नोटिफिकेशन के माध्यम से प्रकाशित की गई है। भारत के रजिस्ट्रार जनरल मृत्युंजय कुमार नारायण द्वारा जारी इस अधिसूचना में मकान, परिवार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विस्तृत सवाल शामिल हैं।

अधिसूचना के अनुसार, जनगणना 2027 के तहत आवास गणना और घर-सूचीकरण के दौरान जनगणना अधिकारी ये सभी प्रश्न पूछ सकेंगे। सवालों का उद्देश्य घरों की संरचना, रहने की स्थिति, सुविधाओं तक पहुंच और संपत्ति के स्वामित्व से जुड़ी जानकारी जुटाना है।

पहले चरण में किन विषयों पर सवाल होंगे

पहले चरण की प्रश्नावली की शुरुआत भवन संख्या और मकान के निर्माण से जुड़ी जानकारी से होगी। इसमें फर्श, दीवारों और छत में इस्तेमाल सामग्री के बारे में पूछा जाएगा। इसके बाद मकान के उपयोग, उसकी स्थिति (अच्छी या खराब), और उसमें रहने वाले लोगों की संख्या से संबंधित सवाल होंगे।

इसके अलावा, परिवार के मुखिया का नाम, लिंग, सामाजिक वर्ग (अनुसूचित जाति/जनजाति/अन्य), और मकान के स्वामित्व (खुद का या किराए का) की जानकारी भी एकत्र की जाएगी।

सुविधाएं, ईंधन और संपत्ति से जुड़े प्रश्न

पहले चरण में पीने के पानी के स्रोत, घर में पानी की उपलब्धता, रोशनी का मुख्य स्रोत, शौचालय और स्नानघर की सुविधा, गंदे पानी की निकासी, रसोई और LPG/PNG कनेक्शन जैसे सवाल शामिल हैं।

खाना पकाने में इस्तेमाल होने वाले ईंधन, घर में खाए जाने वाले मुख्य अनाज, और रेडियो, टीवी, इंटरनेट, लैपटॉप/कंप्यूटर, मोबाइल फोन जैसी सुविधाओं की जानकारी भी ली जाएगी।

इसके साथ ही साइकिल, स्कूटर/मोटरसाइकिल, कार/जीप/वैन जैसे वाहनों के स्वामित्व और एक मोबाइल नंबर (केवल जनगणना से संबंधित संपर्क के लिए) दर्ज किया जाएगा।

पहले चरण में पूछे जाने वाले 33 सवाल (संक्षेप में)

* मकान नंबर (नगरपालिका/स्थानीय निकाय या जनगणना संख्या)

* फर्श, दीवार और छत की निर्माण सामग्री

* मकान का उपयोग और स्थिति

* परिवारों और घर में रहने वाले लोगों की संख्या

* परिवार के मुखिया का नाम, लिंग और सामाजिक वर्ग

* मकान का स्वामित्व

* कमरों और विवाहित जोड़ों की संख्या

* पीने के पानी, बिजली, शौचालय, स्नानघर और रसोई की सुविधा

* खाना पकाने का ईंधन और मुख्य अनाज

* रेडियो, टीवी, इंटरनेट, कंप्यूटर, मोबाइल फोन

* साइकिल और मोटर वाहन

* मोबाइल नंबर (केवल जनगणना हेतु)

जनगणना का समय-निर्धारण

जनगणना 2027 का पहला चरण 1 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 के बीच होगा। इस अवधि में प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपनी सुविधा के अनुसार 30 दिनों की समय-सीमा तय करेगा।

गौरतलब है कि जनगणना का दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू होगा, जिसमें मकानों के बजाय व्यक्तियों की जनसंख्या गणना की जाएगी। दूसरे चरण की विस्तृत प्रश्नावली बाद में जारी की जाएगी।

Read More
Next Story