
नितिन नबीन बने बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, बिहार से बड़ी भूमिका
बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री और बांकीपुर से चार बार विधायक नितिन नबीन को बीजेपी संसदीय बोर्ड ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया
JP National Working President : भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह फैसला बीजेपी के संसदीय बोर्ड की बैठक में लिया गया। नितिन नबीन फिलहाल बिहार सरकार में मंत्री हैं और राज्य की राजनीति में एक मजबूत चेहरा माने जाते हैं।
उनकी इस नियुक्ति को पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में बिहार को मिली बड़ी अहमियत के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने x पर पोस्ट करते हुए लिखा '' श्री नितिन नवीन जी ने एक मेहनती कार्यकर्ता के तौर पर अपनी पहचान बनाई है। वह एक युवा और मेहनती नेता हैं, जिनके पास संगठन का अनुभव है और बिहार में कई बार विधायक और मंत्री के तौर पर उनका शानदार रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगन से काम किया है। वह अपने विनम्र स्वभाव और ज़मीनी काम करने के तरीके के लिए जाने जाते हैं। मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में हमारी पार्टी को मज़बूत करेगा। उन्हें बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर बधाई।''
कायस्थ समाज से आते हैं, मजबूत राजनीतिक विरासत
नितिन नबीन सिन्हा कायस्थ समुदाय से आते हैं और एक स्थापित राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह दिग्गज भाजपा नेता नवीन किशोर सिन्हा के बेटे हैं। नितिन नबीन न सिर्फ एक अनुभवी राजनेता हैं, बल्कि सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
बांकीपुर से चार बार विधायक
नितिन नबीन पटना जिले के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार चार बार विधायक चुने जा चुके हैं। 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने करीब 84 हजार वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी।
इस चुनाव में उन्होंने अभिनेता-राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को करारी शिकस्त दी थी। वहीं, प्लूरल्स पार्टी की नेता पुष्पम प्रिया चौधरी भी इस सीट से चुनाव हार गई थीं।
संगठन में लंबा अनुभव
नितिन नबीन का पार्टी संगठन में भी लंबा अनुभव रहा है। वह पहले भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय महासचिव रह चुके हैं। इसके अलावा, वह भाजयुमो बिहार के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
2017 में देशद्रोह का मामला दर्ज कराने से आए थे चर्चा में
2 मार्च 2017 को नितिन नबीन उस समय चर्चा में आए थे, जब उन्होंने कांग्रेस नेता अब्दुल जलील मस्तान के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कराया था।
उन्होंने मस्तान की नागरिकता पर भी सवाल उठाए थे। आरोप था कि एक रैली के दौरान मस्तान ने भीड़ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को जूतों से मारने की अपील की थी।
पार्टी में बढ़ती सियासी हैसियत
बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पद पर नितिन नबीन की नियुक्ति से यह साफ है कि पार्टी नेतृत्व उन पर संगठनात्मक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर भरोसा जता रहा है।
बिहार के एक प्रभावशाली नेता को यह जिम्मेदारी मिलना आने वाले समय में पार्टी की रणनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

