
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा विपक्ष
आज भी विपक्ष की नारेबाजी के कारण लोकसभा में कोई कामकाज नहीं हो सका था. भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर चर्चा की मांग को लेकर हंगामा हुआ और प्रश्नकाल बाधित हो गया.
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष विश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है. विपक्ष का आरोप है कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान नेता विपक्ष राहुल गांधी को सदन में बोलने नहीं दिया गया.
दरअसल पिछले हफ्ते लोकसभा में उस समय हंगामा हुआ जब राहुल गांधी ने 2020 में चीन के साथ हुए तनाव पर चर्चा करते हुए पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे के “अप्रकाशित” संस्मरण का जिक्र किया था. स्पीकर ने उन्हें ऐसा करने से रोका और आगे पढ़ने की अनुमति नहीं दी.
5 फरवरी को स्पीकर बिरला ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सदन में न आने को कहा था, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके. उन्हें जानकारी मिली थी कि कुछ कांग्रेस सांसद प्रधानमंत्री की सीट तक पहुंच सकते हैं और कोई अभूतपूर्व घटना हो सकती है.
आज भी विपक्ष की नारेबाजी के कारण लोकसभा में कोई कामकाज नहीं हो सका था. भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर चर्चा की मांग को लेकर हंगामा हुआ और प्रश्नकाल बाधित हो गया. इसके चलते स्पीकर ने सदन को शुरू होने के लगभग सात मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया.
लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे शुरू हुई तब फिर कांग्रेस सांसदों ने दोबारा मांग की कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बोलने दिया जाए. सदन की कार्यवाही संभाल रहे कृष्ण प्रसाद तेनेटी ने कहा कि बजट पर बोलने के लिए पार्टी ने शशि थरूर का नाम दिया था और राहुल गांधी को भी उचित समय पर बोलने का मौका मिलेगा. लेकिन जब थरूर ने कहा कि वह अपनी बारी राहुल गांधी को देना चाहते हैं, तो तेनेटी ने सदन को दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दिया.
इससे पहले जब कांग्रेस सांसद और एआईसीसी महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल से पूछा गया कि क्या विपक्ष लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की योजना बना रहा है, तो उन्होंने कहा, “मैं खबरों पर टिप्पणी नहीं कर सकता, कार्रवाई का इंतजार करें.” वेणुगोपाल ने यह भी आरोप लगाया कि स्पीकर कांग्रेस की महिला सांसदों पर आरोप लगा रहे हैं और सदन में विपक्ष के लिए बिल्कुल जगह नहीं है, पूरा विपक्ष परेशान है.
स्पीकर ने सांसदों से शांति और मर्यादा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सदन बहस और चर्चा के लिए है और सभी को बोलने का मौका मिलेगा। लेकिन नारेबाजी जारी रहने पर उन्होंने कार्यवाही स्थगित कर दी. सोमवार को संसद के दोनों सदनों में 2026-27 के केंद्रीय बजट पर चर्चा होनी थी. यह बजट वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी को पेश किया था और उन्होंने लगातार नौवीं बार लोकसभा में बजट प्रस्तुत किया है.

