पद्म पुरस्कार 2026: धर्मेंद्र को विभूषण, रोहित और सोरेन को सम्मान
x

पद्म पुरस्कार 2026: धर्मेंद्र को विभूषण, रोहित और सोरेन को सम्मान

गणतंत्र दिवस पर 131 पद्म पुरस्कारों का ऐलान। वीएस अच्युतानंदन, शिबू सोरेन और वीके मल्होत्रा को मरणोपरांत सम्मान। कोश्यारी को पद्म भूषण।


Click the Play button to hear this message in audio format

Padam Awards : भारत सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है. इस बार कुल 131 हस्तियों को इन सर्वोच्च नागरिक सम्मानों के लिए चुना गया है. राष्ट्रपति ने इन नामों की सूची को अपनी मंजूरी दे दी है. इस साल की सूची में कला, खेल और राजनीति जगत के कई बड़े नाम शामिल हैं. दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र और केरल के पूर्व सीएम वीएस अच्युतानंदन को मरणोपरांत पद्म विभूषण दिया जाएगा. वहीं, भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा को पद्मश्री सम्मान के लिए चुना गया है. झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण से नवाजा जाएगा. गृह मंत्रालय के अनुसार, सूची में 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री शामिल हैं.



दिग्गज नेताओं और अभिनेता को पद्म विभूषण

इस साल 5 लोगों को देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण दिया जाएगा. इसमें केरल के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन का नाम प्रमुख है. वे माकपा के बहुत वरिष्ठ नेता थे और 2006 से 2011 तक मुख्यमंत्री रहे. 82 साल की उम्र में सीएम बनने वाले वे सबसे उम्रदराज मुख्यमंत्री थे. वे 1985 से 2009 तक माकपा पोलित ब्यूरो के सदस्य भी रहे. मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र को भी मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा.



कोश्यारी और सोरेन को पद्म भूषण सम्मान

पद्म भूषण के लिए 13 नामों की घोषणा की गई है. झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन को मरणोपरांत यह सम्मान मिला है. उनका निधन अगस्त 2025 में हुआ था. वे तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री और केंद्र में कोयला मंत्री रहे. उत्तराखंड के पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी को भी पद्म भूषण दिया जाएगा. वे 2019 से 2023 तक महाराष्ट्र के राज्यपाल भी रह चुके हैं. दिल्ली के भाजपा नेता वीके मल्होत्रा को मरणोपरांत यह सम्मान मिला है.


कला और व्यापार जगत की हस्तियां

पार्श्व गायिका अलका याग्निक और अभिनेता ममूटी को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा. 'एड गुरु' के नाम से मशहूर पीयूष पांडे को भी यह सम्मान मिला है. मशहूर बैंकर उदय कोटक को भी पद्म भूषण दिया जाएगा. खेल जगत से टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज को पद्म भूषण के लिए चुना गया है.


रोहित शर्मा और हरमनप्रीत को पद्मश्री

खेल जगत से भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा को पद्मश्री सम्मान मिलेगा. भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर भुल्लर को भी पद्मश्री दिया जाएगा. हॉकी खिलाड़ी सविता पुनिया का नाम भी इस लिस्ट में है. जेएनयू के पूर्व कुलपति एम जगदीश कुमार को भी पद्मश्री मिलेगा. प्रसार भारती के पूर्व सीईओ शशि शेखर वेम्पति को भी पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा.



असम और केरल के नेताओं का सम्मान

असम के कवींद्र पुरकायस्थ को मरणोपरांत पद्म श्री दिया गया है. वे वाजपेयी सरकार में संचार मंत्री रहे थे और 2026 में उनका निधन हुआ. केरल के वेल्लापल्ली नतेसन को भी पद्म श्री से नवाजा जाएगा. वे एझवा समुदाय के बड़े नेता और एसएनडीपी योगम के महासचिव हैं.

19 महिलाएं और 16 मरणोपरांत पुरस्कार

इस बार पुरस्कार पाने वालों में 19 महिलाएं शामिल हैं. सूची में विदेशी और एनआरआई श्रेणी के 6 लोग हैं. वहीं, 16 लोगों को मरणोपरांत यह सम्मान दिया जा रहा है. ये पुरस्कार राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में दिए जाएंगे. यह समारोह आमतौर पर मार्च या अप्रैल महीने में होता है.

Read More
Next Story