
मोदी का आरोप कांग्रेस ने किया आतंकवादियों और घुसपैठियों को संरक्षण देने का काम
असम में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने दावा किया कि भाजपा घुसपैठियों को जमीन हड़पने और राज्य की जनसांख्यिकी बदलने की इजाजत नहीं देगी।
PM Modi Visit In Assam : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के दरंग जिले के मंगालदोई में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भारतीय सेना का समर्थन करने के बजाय पाकिस्तान द्वारा पाले-पोसे गए आतंकियों और घुसपैठियों का साथ देती है।
मोदी ने कहा, “कांग्रेस सेना के बजाय पाकिस्तान से आए आतंकियों और घुसपैठियों की रक्षा करती है। वह देशविरोधी ताकतों का समर्थन करती है। लेकिन भाजपा किसी भी हाल में घुसपैठियों को जमीन पर कब्जा करने या जनसांख्यिकी बदलने की साजिश पूरी नहीं होने देगी।”
मां कामाख्या और भगवान कृष्ण का आह्वान
प्रधानमंत्री की यह असम यात्रा इस साल की शुरुआत में हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार हुई है। इस अभियान को उन्होंने मां कामाख्या और भगवान कृष्ण को समर्पित किया। मोदी ने कहा कि मां कामाख्या की कृपा से यह अभियान सफल हुआ और उन्हें इसमें एक “दैवीय संबंध” महसूस हुआ।
उन्होंने अपने स्वतंत्रता दिवस संबोधन को दरंग की जन्माष्टमी परंपरा से जोड़ते हुए ‘सुदर्शन चक्र मिशन’ का भी उल्लेख किया। यह मिशन भारत में एक दशक लंबी योजना है, जिसके तहत इज़राइल के आयरन डोम जैसी स्वदेशी रक्षा प्रणाली विकसित की जाएगी।
कांग्रेस बनाम भाजपा
मोदी ने असम में कांग्रेस के लंबे शासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक सत्ता में रहकर भी ब्रह्मपुत्र नदी पर केवल तीन पुल बनाए, जबकि भाजपा सरकार ने पिछले 10 सालों में छह बड़े पुलों का निर्माण किया है।
उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की भी सराहना की और कहा कि उनकी सरकार ने घुसपैठियों को अतिक्रमित जमीन से बाहर किया, जिससे अब किसान उस जमीन पर खेती कर पा रहे हैं।
विकास का एजेंडा
पीएम मोदी ने दावा किया कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और असम की विकास दर 13 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा, “यह उपलब्धि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से संभव हुई है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर असम को स्वास्थ्य सेवाओं का हब बना रही हैं। नॉर्थ ईस्ट ‘विकसित भारत’ के सपने को पूरा करने में बड़ी भूमिका निभाएगा।”
रविवार को मोदी ने राज्य में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें दरंग मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, जीएनएम स्कूल, बीएससी नर्सिंग कॉलेज, गुवाहाटी रिंग रोड प्रोजेक्ट और ब्रह्मपुत्र पर बनने वाला कुरुवा-नारेंगी पुल शामिल हैं।
(एजेंसी इनपुट्स के साथ)