पीएम मोदी का दीपावली संदेश, ऑपरेशन सिंदूर बना नए भारत का प्रतीक
x

पीएम मोदी का दीपावली संदेश, ऑपरेशन सिंदूर बना नए भारत का प्रतीक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली पर देशवासियों को पत्र लिखकर ऑपरेशन सिंदूर, नक्सलवाद के अंत और जीएसटी बचत उत्सव को नई भारत की सफलता बताया।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (21 अक्टूबर) को दीपावली के अवसर पर देशवासियों के नाम एक भावनात्मक पत्र लिखा। इस पत्र में उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता, नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई, और भारत की विश्व मंच पर उभरती स्थिर छवि पर विशेष जोर दिया। मोदी ने कहा कि जब दुनिया कई तरह के संकटों से गुजर रही है, भारत एक “स्थिरता और विश्वास का प्रतीक” बनकर सामने आया है।

‘GST बचत उत्सव’ का जिक्र

प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों में GST दरों में कटौती को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ‘GST बचत उत्सव’ के दौरान देश के नागरिकों ने हज़ारों करोड़ रुपये की बचत की है, जो आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।मोदी ने लोगों से स्वदेशी अपनाने, ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को आगे बढ़ाने, सभी भाषाओं के प्रति सम्मान दिखाने, स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

उन्होंने लिखा — “इन सभी प्रयासों से हम बहुत तेज़ी से विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ेंगे। राम मंदिर के बाद दूसरी दीपावली, न्याय और धर्म का प्रतीक बना ऑपरेशन सिंदूर

दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा “ऊर्जा और उत्साह से भरे इस शुभ अवसर पर मैं आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ। यह अयोध्या में श्रीराम मंदिर के भव्य निर्माण के बाद दूसरी दीपावली है।”

मोदी ने आगे कहा, “भगवान श्रीराम हमें धर्म के मार्ग पर चलना सिखाते हैं और अन्याय के खिलाफ लड़ने का साहस भी देते हैं। कुछ महीने पहले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमने इसका सजीव उदाहरण देखा। इस अभियान में भारत ने न केवल धर्म की रक्षा की, बल्कि अन्याय का प्रतिशोध भी लिया।”

जहां कभी नक्सलवाद था, अब जल रही हैं दीपों की लौ

प्रधानमंत्री ने बताया कि यह दीपावली इसलिए भी खास है क्योंकि इस बार देश के कई जिलों में, जिनमें पहले नक्सलवाद और माओवाद की जड़ें थीं, दीपक पहली बार जल रहे हैं।उन्होंने लिखा “ये वे जिले हैं जहां से नक्सलवाद और माओवादी आतंकवाद को जड़ से समाप्त कर दिया गया है। हाल के वर्षों में हमने देखा है कि कई लोगों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर विकास की मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है, और देश के संविधान में अपना विश्वास जताया है। यह राष्ट्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।”

मोदी ने अंत में कहा कि यह दीपावली भारत के आत्मविश्वास, एकता और प्रगति की प्रतीक है “यह नया भारत अब न केवल अपने अतीत पर गर्व करता है, बल्कि भविष्य को आकार देने के लिए दृढ़ संकल्पित है।”

Read More
Next Story