पीएम मोदी का मिडिल ईस्ट संकट पर बड़ा बयान, राजनीति न करने की सलाह
x

पीएम मोदी का मिडिल ईस्ट संकट पर बड़ा बयान, राजनीति न करने की सलाह

पीएम मोदी ने 'मन की बात' के 132वें एपिसोड में ऊर्जा संकट और युद्ध पर चर्चा की। खाड़ी देशों का आभार जताया और देशवासियों से अफवाहों से बचने की अपील की।


Click the Play button to hear this message in audio format

PM Mann Ki Baat : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 132वें एपिसोड में वैश्विक उथल-पुथल और मध्य पूर्व (Middle East) में जारी तनाव पर देश को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह दुनिया कोरोना जैसे भीषण संकट से बाहर निकली है, उसी तरह वर्तमान चुनौतियों से भी एकजुट होकर पार पाएगी। उन्होंने राजनीतिक दलों को नसीहत देते हुए कहा कि ऐसे मुश्किल समय में राजनीति करने के बजाय देशहित में साथ आना चाहिए। प्रधानमंत्री ने खाड़ी देशों में रह रहे एक करोड़ से ज्यादा भारतीयों की सुरक्षा के लिए वहां की सरकारों का आभार व्यक्त किया और देशवासियों से अफवाहों से बचने की अपील की।


वैश्विक हलचल और युद्ध का प्रभाव
प्रधानमंत्री ने कहा कि मार्च का यह महीना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी उथल-पुथल भरा रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि पूरी दुनिया ने कोविड-19 के कारण लंबे समय तक संघर्ष किया था। अपेक्षा थी कि महामारी के बाद प्रगति का नया दौर शुरू होगा, लेकिन विभिन्न क्षेत्रों में युद्ध और संघर्ष की स्थिति बन गई है। पीएम मोदी ने पड़ोसी क्षेत्रों में एक महीने से जारी भीषण युद्ध का जिक्र करते हुए इसे चुनौतीपूर्ण समय बताया। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में युद्ध चल रहा है, वह भारत की ऊर्जा आवश्यकताओं का मुख्य केंद्र है।

ऊर्जा संकट और खाड़ी देशों का आभार
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर पेट्रोल और डीजल के संकट की स्थिति पैदा हो रही है। पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत इस ऊर्जा संकट का डटकर मुकाबला कर रहा है। उन्होंने विशेष रूप से गल्फ और खाड़ी देशों की सरकारों को धन्यवाद दिया, जो वहां रह रहे लाखों भारतीय परिवारों और कामगारों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और जागरूक रहें।

नारी शक्ति और स्पोर्ट्स ट्रांसफॉर्मेशन
पीएम मोदी ने खेल के क्षेत्र में भारत की बढ़ती उपलब्धियों की भी सराहना की। उन्होंने 'अस्मिता एथलेटिक्स लीग' का जिक्र करते हुए बताया कि 8 मार्च को महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस लीग में करीब दो लाख बेटियों ने हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री ने इसे देश में हो रहे 'स्पोर्टिंग ट्रांसफॉर्मेशन' का बड़ा उदाहरण बताया और कहा कि भारत की नारी शक्ति हर क्षेत्र में अहम भूमिका निभा रही है।

टीम इंडिया की जीत पर गर्व
क्रिकेट प्रेमियों के लिए इस महीने को खास बताते हुए पीएम मोदी ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत को याद किया। उन्होंने कहा कि पूरी टीम की इस शानदार सफलता पर हर भारतीय को गर्व है और इससे देशभर में जोश और उत्साह की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री ने युवाओं और खिलाड़ियों को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।


Read More
Next Story