हमारे यहां पदभार एक व्यवस्था, कार्यभार जीवनभर की जिम्मेदारी है- PM मोदी
x

हमारे यहां पदभार एक व्यवस्था, कार्यभार जीवनभर की जिम्मेदारी है- PM मोदी

बीजेपी में नबीन युग की शुरुआत हो चुकी है। नितिन नबीन को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया। इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा हम यूं ही दूसरे दलों से अलग नहीं है।


PM Modi Speech: बीजेपी में नेतृत्व के एक नए दौर की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है। पार्टी ने नितिन नबीन को निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर संगठन में निरंतरता और नए संकल्प का संदेश दिया है। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी यूं ही अन्य राजनीतिक दलों से अलग नहीं है, बल्कि उसकी जड़ें विचारधारा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना में गहराई से जुड़ी हैं।


प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीजेपी का संगठनात्मक ढांचा केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और संस्कार की परंपरा है। उन्होंने नितिन नबीन के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि पार्टी नए भारत की आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने के लिए और अधिक मजबूती से काम करेगी। यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब देश नए राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक परिवर्तनों के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में नितिन नबीन की ताजपोशी को बीजेपी के ‘नवीन युग’ की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है, जो संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देने का काम करेगा।


अटल जी, आडवाणी जी और मुरली मनोहर जोशी जी के नेतृत्व में भाजपा ने शून्य से लेकर शिखर तक का सफर देखा है। इस सफर में वेंकैया नायडू जी और नितिन गडकरी जी सहित हमारे कई वरिष्ठ साथियों ने संगठन को विस्तार दिया। राजनाथ जी के नेतृत्व में पहली बार भाजपा ने अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया।फिर अमित भाई के नेतृत्व में देश के कई राज्यों में भाजपा की सरकारें बनीं और लगातार दूसरी बार केंद्र में भाजपा की सरकार बनी। फिर जेपी नड्डा जी के नेतृत्व में भाजपा पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक और सशक्त हुई और लगातार तीसरी बार केंद्र में भाजपा की सरकार बनी। मैं भाजपा के पूर्व के सभी अध्यक्षों का बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।

जब बात पार्टी के विषयों पर आती है, तब माननीय नितिन नबीन जी… मैं एक कार्यकर्ता हूं और वे (नितिन नबीन जी) मेरे बॉस हैं। अब माननीय नितिन नबीन जी हम सभी के अध्यक्ष हैं और उनका दायित्व सिर्फ भाजपा को संभालना ही नहीं है, एनडीए के सभी साथियों के बीच तालमेल का दायित्व भी देखना है।

लोगों को लगता होगा, नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, तीसरी बार प्रधानमंत्री बने, 50 साल की छोटी आयु में मुख्यमंत्री बन गए। 25 साल ये लगातार Head of the Government रहे हैं। ये सब अपनी जगह है, लेकिन इन सबसे भी बड़ी चीज मेरे जीवन में है, मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। ये सबसे बड़ा गर्व है।

यह 21वीं सदी है और देखते ही देखते 21वीं सदी के पहले 25 वर्ष तो पूरे भी हो चुके हैं, आने वाले 25 वर्ष बहुत महत्वपूर्ण है। यह वह कालखंड है जब विकसित भारत का निर्माण होना है और होना तय है। इस महत्वपूर्ण कालखंड की शुरुआत में माननीय नितिन नबीन भाजपा की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। आजकल के युवाओं की भाषा में नितिन जी खुद भी एक प्रकार से 'मिलेनियल' हैं, वे उस पीढ़ी से हैं जिसने भारत में बड़े आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी परिवर्तन होते देखे हैं।

भाजपा एक संस्कार है। भाजपा एक परिवार है। हमारे यहां 'मेंबरशिप' से भी ज्यादा 'रिलेशनशिप' होती है। भाजपा एक ऐसी परंपरा है, जो पद से नहीं प्रक्रिया से चलती है। हमारे यहां पदभार एक व्यवस्था है और कार्यभार जीवन भर की जिम्मेदारी है।हमारे यहां अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन आदर्श नहीं बदलते। नेतृत्व बदलता है लेकिन दिशा नहीं बदलती।

कभी भाजपा ने एक अलग तरह की पार्टी के रूप में अपनी यात्रा शुरु की थी। आज भाजपा सुशासन की पार्टी भी है।देश ने आजादी के बाद शासन के अलग-अलग मॉडल देखे हैं, कांग्रेस के परिवारवाद का मॉडल, लेफ्ट का मॉडल, क्षेत्रीय दलों का मॉडल, अस्थिर सरकारों का दौर...लेकिन आज देश, स्थिरता, सुशासन और संवेदनशीलता वाला भाजपा का विकास मॉडल देख रहा है।

Read More
Next Story