
जनरल नरवणे की किताब के 'लीक' होने की जांच शुरू, दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सत्यापन के दौरान यह पाया गया कि इसी शीर्षक वाली एक टाइप-सेट पुस्तक की पीडीएफ प्रति, जो प्रतीत होता है कि एम/एस पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तैयार की गई है, कुछ वेबसाइटों पर उपलब्ध है।
देश के पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल एमएम नरवणे की जिस किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ देश की राजनीति में भारी बवाल मचा हुआ है, वह किताब अब पुलिस जांच के दायरे में आ गई है। दिल्ली पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जब इस किताब को अभी सरकार के स्तर पर अनुमति नहीं मिली है तो यह सार्वजनिक कैसे हो गई? आपको याद होगा इस किताब को कुछ दिन पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी संसद परिसर में सबको दिखाया था।
दिल्ली पुलिस ने विभिन्न ऑनलाइन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार फ़ोरम पर उपलब्ध उन जानकारियों का संज्ञान लिया है, जिनमें दावा किया गया था कि जनरल नरवणे की पुस्तक ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ की एक प्री-प्रिंट प्रति प्रसारित की जा रही है। यह भी बताया गया था कि इस पुस्तक के प्रकाशन के लिए संबंधित प्राधिकरणों से आवश्यक अनुमति अभी प्राप्त नहीं हुई है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सत्यापन के दौरान यह पाया गया कि इसी शीर्षक वाली एक टाइप-सेट पुस्तक की पीडीएफ प्रति, जो प्रतीत होता है कि एम/एस पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तैयार की गई है, कुछ वेबसाइटों पर उपलब्ध है। इसके अलावा, कुछ ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर इस पुस्तक का तैयार कवर इस तरह प्रदर्शित किया गया है, मानो यह खरीद के लिए उपलब्ध हो।
पुलिस का कहना है कि अब तक स्वीकृत न हुई इस पुस्तक के कथित लीक/उल्लंघन की गहन जांच करने के मकसद से स्पेशल सेल में एक मामला दर्ज किया गया है और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

