Parliament News: राहुल गांधी ने रवनीत सिंह बिट्टू को कहा गद्दार मित्र, BJP ने जोड़ दिया सिख दंगों से
लोकसभा से बजट सत्र में निष्कासित सांसद धरने पर संसद के मकरद्वार पर बैठे हुए थे जहां राहुल गांधी भी मौजूद थे. तभी सामने से रवनीत सिंह बिट्टू गुजर रहे थे. तभी राहुल ने बिट्टू को देखकर कहा, 'देखो, गद्दार गुजर रहा है.
संसद में मकरद्वार पर कांग्रेस के नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच जुबानी नोंकझोंक देखने को मिली. राहुल गांधी ने बिट्टू को गद्दार मित्र कह दिया तो जवाब में रवनीत सिंह बिट्टू ने राहुल गांधी को देश का दुश्मन कह दिया. राहुल के बिट्टू को गद्दार कहने को बीजेपी ने बड़ा मुद्दा बना दिया. अपने सभी बड़े सिख समुदाय से आने वाले नेताओं को राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला बोलने के लिए मैदान में उतार दिया.
अब आपको पूरी कहानी समझाते हैं. दरअसल लोकसभा से बजट सत्र में निष्कासित सांसद धरने पर संसद के मकरद्वार पर बैठे हुए थे जहां राहुल गांधी भी मौजूद थे. तभी सामने से रवनीत सिंह बिट्टू गुजर रहे थे. तभी राहुल ने बिट्टू को देखकर कहा, 'देखो, गद्दार गुजर रहा है. इसका चेहरा देखो.' इसके बाद राहुल ने रवनीत सिंह बिट्टू की तरफ हाथ बढ़ाते हुए कहा, 'हेलो मेरे गद्दार दोस्त. चिंता मत करो, तुम वापस कांग्रेस में आओगे'. रवनीत सिंह बिट्टू ने राहुल से हाथ मिलाने से इंकार कर दिया और उन्हें देश का दुश्मन कह दिया.
इसके बाद रवनीत सिंह बिट्टू ने मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा राहुल गांधी को लगता है कि वह सबसे बड़े देशभक्त हैं? बिट्टू ने गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा, कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार ने पंजाब में आग लगा दी थी. स्वर्ण मंदिर पर गोलियां चलवाई. उन्होंने हजारों सिखों को निशाना बनाया और उन्हें मार डाला. रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, राजीव गांधी को 'शहीद' कहा जाता है, तो सरदार बेअंत सिंह को भी हमें शहीद कहना चाहिए. बिट्टू ने कहा कि मैं भी उसी परिवार से आता हूं. उन्होंने कहा, जब तक मैं कांग्रेस में था तो सब ठीक था और जब अब बीजेपी में हूं तो राहुल गांधी मेरे लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं.
रवनीत सिंह बिट्टू के बयान पर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष और सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा, बिट्टू, बीजेपी के रहम-ओ-करम पर मंत्री हैं. राहुल गांधी ने युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया, 3 बार सांसद बनाया. तीन बार का एमपी बनाया. अमरिंदर सिंह राजा ने कहा,बिट्टू से पूछिए कि उन्हें पगड़ी बांधने के लिए प्रेरित किसने किया. उन्होंने कहा, बिट्टू पहले पहले पगड़ी नहीं बांधते थे.
कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खेरा ने कहा, राहुल गांधी ने “माय ट्रेटर फ्रेंड” (मेरा गद्दार दोस्त) शब्द का इस्तेमाल रवनीत बिट्टू के लिए एक व्यक्ति के तौर पर किया था, जिसने मुश्किल समय में पार्टी छोड़ दी. इसका सिख समुदाय का अपमान करने से कोई लेना-देना नहीं है, जैसा कि हरदीप सिंह पुरी और अन्य बीजेपी नेताओं द्वारा कहा जा रहा है. उन्होंने कहा, यह सबको पता है कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा रवनीत बिट्टू और उनके परिवार को बड़े पद दिए और उन्हें पंजाब से तीन बार सांसद बनाया. पार्टी छोड़ने का उनका कायरतापूर्ण रवैया ही वह वजह है, जिसके कारण उन्हें “गद्दार” कहा गया. रवनीत बिट्टू को पंजाब की जनता ने नकार दिया है और वे किसी भी तरह से पंजाब या सिख समुदाय का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं.
आपको बता दें कि रवनीत सिंह बिट्टू कभी कांग्रेस के बड़े चेहरे हुआ करते थे. हालांकि 2024 से पहले उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी. भारतीय जनता पार्टी के सदस्य बने और उन्हें बीजेपी ने राज्यसभा से संसद भेजा.

