Rahul Gandhi
x
राहुल गांधी

राहुल गांधी का आरोप, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में BJP ने की 'मैच-फिक्सिंग'

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 2023 में सरकार ने चुनाव आयोग की चयन प्रक्रिया में बदलाव किया, जिसमें अब चीफ जस्टिस की जगह एक केंद्रीय मंत्री को सदस्य बनाया गया।


कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नवंबर 2024 में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि BJP ने चुनावों में "मैच-फिक्सिंग" की और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश रची।

राहुल गांधी ने यह आरोप इंडियन एक्सप्रेस में लिखे एक लेख और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लगाया। उनके मुताबिक, BJP ने एक पांच-चरणीय योजना के तहत चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियां कीं जिसमें

चुनाव आयोग में पक्षपाती लोगों की नियुक्ति

वोटर लिस्ट में फर्जी नाम जोड़े

वोटिंग प्रतिशत को जानबूझकर बढ़ाया गया

चुनिंदा जगहों पर फर्जी वोट डलवाए

सबूतों को छिपाया गया

BJP की ऐतिहासिक जीत

राहुल ने बताया कि BJP, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की NCP के गठबंधन ‘महायुति’ ने कुल 288 सीटों में से 235 पर जीत हासिल की। इसमें BJP अकेले 132 सीटें जीतकर महाराष्ट्र में अपने इतिहास का सबसे अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रही।

इसके उलट, कांग्रेस, उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) और शरद पवार की NCP (SP) का गठबंधन महा विकास आघाड़ी (MVA) सिर्फ 50 सीटों पर सिमट गया।

केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर भी सवाल

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 2023 में सरकार ने चुनाव आयोग की चयन प्रक्रिया में बदलाव किया, जिसमें अब चीफ जस्टिस की जगह एक केंद्रीय मंत्री को सदस्य बनाया गया। राहुल ने पूछा, “जब निष्पक्ष चयन संभव था, तो मंत्री को क्यों लाया गया? इसका जवाब खुद सवाल में है।”

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का दावा

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि 2019 से 2024 के बीच महाराष्ट्र में वोटरों की संख्या 31 लाख बढ़ी, लेकिन सिर्फ अगले पांच महीनों में यह आंकड़ा 41 लाख और बढ़ गया, जो संदेह पैदा करता है।

BJP का पलटवार

राहुल के आरोपों को BJP ने खारिज किया। पार्टी के प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने कहा, “राहुल गांधी फिर संस्थाओं की छवि खराब कर रहे हैं। चुनाव आयोग इन आरोपों को पहले ही खारिज कर चुका है।” उन्होंने कहा कि वोटर संख्या बढ़ना आम बात है और ऐसा कांग्रेस-शासित राज्यों में भी होता है।

चुनाव आयोग का जवाब

चुनाव आयोग ने भी सफाई दी कि वोटर संख्या में इजाफा युवाओं के जुड़ने और जागरूकता अभियान का नतीजा है। हालांकि, राहुल गांधी इसे "बहाना" मानते हैं और जांच की मांग कर रहे हैं।

Read More
Next Story