
राज्यसभा चुनाव LIVE: वोटिंग के बीच बिहार कांग्रेस के तीन विधायक लापता, फोन स्विच ऑफ
Rajyasabha Election Live: राज्यसभा की 11 सीटों के लिए मतगणना जारी है। मतों की गणना आज ही होगी।
Rajyasabha Election Live: राज्यसभा की 11 सीटों के लिए मतगणना जारी है। मतों की गणना आज ही होगी।
Live Updates
- 16 March 2026 12:00 PM IST
राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाती है।उन्होंने आरोप लगाया कि कभी एजेंसियों का इस्तेमाल किया जाता है तो कभी विधायकों को पैसे का लालच दिया जाता है। इसी वजह से कई राजनीतिक दलों को अपने विधायकों को सुरक्षित रखने के लिए अलग जगह रखना पड़ता है।
- 16 March 2026 11:46 AM IST
राज्यसभा चुनाव को लेकर हरियाणा में मतदान की प्रक्रिया जारी है। इस बीच कांग्रेस के विधायक भी चंडीगढ़ स्थित विधानसभा पहुंच गए हैं। विधानसभा परिसर में पहुंचने के बाद कांग्रेस विधायक विक्ट्री साइन दिखाते हुए फोटो खिंचवाते नजर आए। चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज बनी हुई है।
- 16 March 2026 11:33 AM IST
बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। इस बीच एक अहम खबर सामने आई है कि कांग्रेस के तीन विधायक पार्टी के संपर्क में नहीं हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ विधायकों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ हैं, जबकि कुछ कॉल का जवाब नहीं दे रहे हैं। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
- 16 March 2026 11:32 AM IST
बिहार विधानसभा में अब तक एनडीए के 110 विधायकों ने मतदान कर दिया है, जबकि महागठबंधन के 35 विधायकों ने भी अपने वोट डाले हैं।ढाका विधानसभा क्षेत्र से आरजेडी विधायक फैसल रहमान अभी तक वोट डालने नहीं पहुंचे हैं। वहीं एलजेपी (आर), आरएलएम और हम के सभी विधायकों ने अपना मतदान कर दिया है।
- 16 March 2026 10:58 AM IST
राज्यसभा चुनाव को लेकर बिहार के मंत्री मंगल पांडेय ने विश्वास जताते हुए कहा कि आज मतदान की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और एनडीए के सभी उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे।आरजेडी विधायकों को एक होटल में ठहराए जाने के मुद्दे पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आरजेडी को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है, इसलिए उन्हें होटल में रखा गया है।
- 16 March 2026 10:49 AM IST
बिहार में राज्यसभा की पांच सीटें खाली होने के बाद इस बार कुल छह उम्मीदवार मैदान में हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने अपने पांच उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि महागठबंधन की ओर से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अमरेंद्र धारी सिंह को मैदान में उतारकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
- 16 March 2026 10:49 AM IST
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी राज्यसभा चुनाव के लिए अपना वोट डाला। वहीं कांग्रेस के चार विधायक भी मतदान करने के लिए विधानसभा पहुंचे।राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि उन्हें नीतीश कुमार के प्रति संवेदनाएं हैं।
तेजस्वी ने पत्रकारों से कहा, “जब 2024 में नीतीश कुमार एनडीए में गए थे, तभी मैंने कहा था कि अब जनता दल यूनाइटेड का कोई भविष्य नहीं है और चुनाव के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। भाजपा जिसके साथ रहती है, उसे खत्म कर देती है।”
- 16 March 2026 10:48 AM IST
ओडिशा में राज्यसभा की चार सीटों के लिए सोमवार को मतदान शुरू हो गया। विधानसभा परिसर में सुबह नौ बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई, जो शाम चार बजे तक जारी रहेगी। राज्य में करीब 12 साल बाद राज्यसभा का चुनाव हो रहा है और चार सीटों के लिए कुल पांच उम्मीदवार मैदान में हैं।
विपक्षी दल बीजू जनता दल (बीजद) ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है। भाजपा ने दो उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है, जिनमें राज्य इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल और मौजूदा राज्यसभा सांसद सुजीत कुमार शामिल हैं।
इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप राय निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं और उन्हें भाजपा का समर्थन प्राप्त है। वहीं बीजद ने संतृप्त मिश्रा और प्रख्यात मूत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. दत्तेश्वर होता को उम्मीदवार बनाया है, जिन्हें कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का समर्थन मिला है।
- 16 March 2026 10:48 AM IST
राज्यसभा चुनाव के लिए सोमवार सुबह से ही बिहार विधानसभा परिसर में मतदान को लेकर हलचल शुरू हो गई। मतदान के लिए विधायकों के आने का सिलसिला सुबह से ही जारी रहा और कई नेता मतदान शुरू होने से पहले ही कतार में नजर आए।बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई विधायक मतदान से पहले ही लाइन में खड़े दिखाई दिए। वहीं महागठबंधन की ओर से विधायकों का नेतृत्व करते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी कतार में खड़े नजर आए।

