priyanka gandhi speech in lok sabha on operation sindoor
x
ऑपरेशन सिंदूर पर चल रही बहस में प्रियंका गांधी ने लोकसभा में लगभग 28 मिनट का भाषण दिया

प्रियंका गांधी के भाषण के बीच 'हिंदू Vs भारतीय' की गूंज, स्पीकर बोले, 'ये तरीका ठीक नहीं'

संसद के मानसून सत्र में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान लोक सभा में आज जहां सत्ता पक्ष ने 'हिंदू-हिंदू' के नारे गुंजाए, वहीं कांग्रेस सांसद 'भारतीय-भारतीय' के नारे लगाते रहे। ये सब कुछ हुआ प्रियंका गांधी के भाषण के दौरान।


लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर हो रही चर्चा के दौरान एक जहां पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों का जिक्र आने पर बीजेपी सांसद 'हिंदू-हिंदू' के नारे लगाने लगे, इसके जवाब में कांग्रेस सांसद 'भारतीय-भारतीय' का नारा गुंजाने लगे। इससे लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने झुंझलाहट भी दिखाई। ये सब तब हुआ जब कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भाषण दे रही थीं।

प्रियंका ने कहा, "उस दिन पहलगाम में 26 परिवार उजड़ गए। 26 लोगों को उनके परिवार के सदस्यों के सामने मारा गया। 26 बेटे, पति, पिता गुजर गए। उनमें से 25 भारतीय थे।"

प्रियंका गांधी की इस बात पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने टोका और आवाज आई, "हिंदू थे, हिंदू", तो उनको जवाब देते हुए प्रियंका ने दोहराया, "भारतीय थे।" इस पर हंगामा हो गया। शोर-शराबा होने लगा।

प्रियंका गांधी ने कहा, "जितने भी लोग बैसरन वैली में थे और जो 25 भारतीय मारे गए। उनके लिए कोई सुरक्षा नहीं थी। आप कितने भी ऑपरेशन कर डालें, आप इस सच्चाई के पीछे छिप नहीं सकते। इसे नकार नहीं सकते। आपको कोई शर्म नहीं है।"

इसी बीच सत्ता पक्ष से किसी ने टोका तो प्रियंका ने कहा, "सुबह भी मैं शिव मंत्र बोल कर आई हूं।"

फिर प्रियंका ने कहा, "मैं एक बार उन 25 भारतीयों के नाम इस सदन में पढ़ना चाहती हूं। ताकि यहां बैठे हर सदस्य को यह अहसास हो कि वे भी हमारी तरह इंसान थे। किसी राजनीतिक बिसात के मोहरे नहीं थे। वे भी इस देश के बेटे थे। वे भी इस देश के शहीद हैं। उनके परिजनों के प्रति हम सबकी जवाबदेही बनती है। उन्हें सच्चाई जानने का हक है।"

इसके बाद प्रियंका गांधी ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों के नाम पढ़ने शुरू किया। उन्होंने जैसे ही पहला नाम लिया, "समीर गुहा...", तो सत्ता पक्ष की तरफ से आवाज आई, "हिंदू"। इसके जवाब प्रियंका ने कहा, "भारतीय।"

इसके बाद प्रियंका एक-एक करके नाम पढ़ती गईं और हर नाम के बाद सत्ता पक्ष की तरफ से "हिंदू" और विपक्ष की तरफ से "भारतीय" के नारे लगने लगे।

ये देखकर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को कहना पड़ा कि, "ये तरीका ठीक नहीं है। ये नारेबाजी का सदन नहीं है।"

प्रियंका गांधी ने 'जय हिंद' कहकर अपना भाषण समाप्त किया जोकि लगभग 28 मिनट का था।


Read More
Next Story