
वंदे भारत अब स्लीपर में भी! जानिए रूट, किराया और खास सुविधाएं
Vande Bharat Latest News: अब तक चल रही वंदे भारत ट्रेनों में केवल चेयर कार सीटें थीं। लेकिन अब ट्रेन में यात्रियों को सोने के लिए आरामदायक बेड मिलेंगे
Vande Bharat Sleeper Train: अब सफर सिर्फ तेज ही नहीं, आरामदायक भी होगा। भारत की सुपरहिट वंदे भारत ट्रेन अब कुर्सी से निकलकर बिस्तर तक पहुंच गई है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन गुवाहाटी से कोलकाता के बीच दौड़ेगी और जहां रफ्तार होगी 180 किलोमीटर प्रतिघंटा की। तो तैयार हो जाइए, क्योंकि रेलवे नया अध्याय लिखने जा रहा है।
भारत को जल्द ही अपनी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। उम्मीद है कि 17 या 18 जनवरी 2026 को इस ट्रेन की शुरुआत हो जाएगी।
क्या है खास?
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की जानकारी दी है। इस ट्रेन की अंदरूनी तस्वीरें भी सामने आई हैं। अब तक चल रही वंदे भारत ट्रेनों में केवल चेयर कार सीटें थीं, यानी यात्री सिर्फ बैठकर ही सफर कर सकते थे। लेकिन अब वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में यात्रियों को सोने के लिए आरामदायक बेड मिलेंगे, जिससे लंबी दूरी की यात्रा और भी आसान हो जाएगी।
कितना होगा किराया?
भारतीय रेलवे ने इस ट्रेन का किराया भी जारी कर दिया है। किराए इस प्रकार होंगे:-
1AC का किराया: 3,600 रुपये
2AC का किराया: 3,000 रुपये
3AC का किराया: 2,300 रुपये
3AC के किराए में खाना भी शामिल होगा।
सफल रहा हाई-स्पीड ट्रायल
भारतीय रेलवे ने इस स्वदेशी तकनीक से बनी ट्रेन का आखिरी हाई-स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। ट्रायल के दौरान ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 180 किलोमीटर प्रति घंटे रही। इस दौरान ट्रेन की ब्रेकिंग सिस्टम, इमरजेंसी ब्रेक, सुरक्षा व्यवस्था और राइड क्वालिटी की पूरी जांच की गई।
मॉडर्न वॉशरूम की सुविधा
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में आधुनिक टॉयलेट दिए गए हैं। इनमें हाथ धोने के लिए सेंसर वाले नल लगे हैं और साफ-सफाई के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है।
इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट
इस ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा के लिए इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट भी लगाई गई है। आपात स्थिति में यात्री सीधे ट्रेन मैनेजर और लोको पायलट से बात कर सकेंगे। इसके लिए ट्रेन के अंदर जरूरी निर्देश भी दिए गए हैं।

