
टोल प्लाजा से टैक्स तक, 1 अप्रैल से बदल जाएंगे ये नियम
आपके पास वाहन है तो आज ही अपनी गाड़ी में फास्टैग अकाउंट सक्रिय कर लें। यदि फास्टैग उपयोग नहीं करते हैं तो सुनिश्चित करें कि आपके मोबाइल में UPI पेमेंट सुविधा हो
कल यानी 1 अप्रैल से देशभर के सभी टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। अब वाहन चालक केवल फास्टैग या UPI के माध्यम से ही टोल टैक्स का भुगतान कर सकेंगे।
इसके साथ ही, आज रात 12 बजे के बाद देश में टैक्स और बैंकिंग से जुड़े 3 अहम कामों की समय-सीमा खत्म हो रही है। कल से टैक्स, रेलवे और बाजार से जुड़े 10 नियमों में बदलाव लागू हो जाएगा।
आज रात तक पूरे कर लें ये 4 काम…
1. सरकारी योजनाएं चालू रखें: PPF, NPS और सुकन्या में जमा करें न्यूनतम राशि
पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF), नेशनल पेंशन स्कीम (NPS) और सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) को सक्रिय बनाए रखने के लिए हर साल ₹250 से ₹500 तक की न्यूनतम राशि जमा करना जरूरी है। अगर खाता निष्क्रिय हो गया, तो उसे फिर से चालू कराने के लिए पेनाल्टी देनी पड़ेगी और बैंक के चक्कर लगाने होंगे।
नोट: इन तीनों योजनाओं में आयकर की धारा 80C के तहत छूट मिलती है। लेकिन निवेश की कुल सीमा ₹1.5 लाख ही तय है।
2. पुरानी टैक्स व्यवस्था में बचत का अवसर: 80C और 80D के तहत निवेश करें
पुरानी टैक्स व्यवस्था में टैक्स बचाने के लिए निवेश करने का आज आखिरी मौका है। सेक्शन 80C के तहत ₹1.5 लाख तक की छूट पाने के लिए आप PPF और जीवन बीमा में निवेश कर सकते हैं।
इसके अलावा, 80D के तहत स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम और मेडिकल खर्चों पर ₹1 लाख तक की छूट मिलती है। 1 अप्रैल या उसके बाद किया गया निवेश अगले वित्त वर्ष में जोड़ा जाएगा।
3. सैलरी पाने वालों के लिए जरूरी: ऑफिस में जमा करें निवेश से जुड़े दस्तावेज
अगर आप नौकरी करते हैं तो आपको अपने ऑफिस में निवेश से जुड़े प्रमाण जमा करने होंगे। इसमें घर का किराया रसीद, बीमा प्रीमियम की रसीद और होम लोन के ब्याज का प्रमाण पत्र शामिल होता है।
यदि आप ये दस्तावेज समय पर जमा नहीं करते हैं, तो कंपनी आपकी आखिरी सैलरी से अधिक TDS काट सकती है। इसे वापस पाने के लिए आपको आयकर रिटर्न भरने तक इंतजार करना होगा।
4. टोल प्लाजा पर कल से कैश बंद: केवल फास्टैग या UPI से भुगतान
अगर आपके पास वाहन है तो आज ही अपनी गाड़ी में फास्टैग अकाउंट सक्रिय कर लें। यदि आप फास्टैग का उपयोग नहीं करते हैं तो यह सुनिश्चित करें कि आपके मोबाइल में UPI पेमेंट सुविधा चालू हो।
कल से बिना डिजिटल पेमेंट के टोल प्लाजा पर पहुंचने पर आपको जुर्माना भरना पड़ सकता है या आपको वापस लौटाया जा सकता है। क्योंकि अब सभी टोल प्लाजा पर सिर्फ फास्टैग या UPI से ही भुगतान स्वीकार किया जाएगा।

