मैं अभागा सवर्ण हूं, यूजीसी रूल्स 2026 पर कुमार विश्वास का तंज
x

'मैं अभागा सवर्ण हूं', यूजीसी रूल्स 2026 पर कुमार विश्वास का तंज

यूजीसी रूल्स 2026 विवाद ने यूपी में तूल पकड़ लिया। अलंकार अग्निहोत्री का इस्तीफ़ा और कुमार विश्वास की राय सोशल मीडिया पर चर्चा में है।


देशभर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में यूजीसी रूल्स 2026 लागू कर दिए गए हैं। हालांकि, इसका एक वर्ग विरोध कर रहा है और यह मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से ट्रेंड कर रहा है। इस विवाद के बीच यूपी के बरेली शहर के सिटी मजिस्ट्रेट और पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने यूजीसी रूल्स 2026 के विरोध में पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। उनके इस्तीफे ने प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।

कुमार विश्वास ने अपनी राय जाहिर की

कवि कुमार विश्वास ने भी इस मसले पर अपनी राय साझा की। उन्होंने दिवंगत रमेश रंजन मिश्र की एक कविता पोस्ट करते हुए अपनी सहमति जताई। कविता की कुछ पंक्तियां इस प्रकार हैं चाहे तिल लो या ताड़ लो राजा, राई लो या पहाड़ लो राजा, मैं अभागा ‘सवर्ण’ हूं मेरा, रौंया-रौंया उखाड़ लो राजा। कुमार विश्वास ने इस पोस्ट के साथ #UGC_RollBack भी लगाया। उनके इस कदम को यूजर्स ने मिलेजुले प्रतिक्रियाओं के साथ देखा। कुछ ने कहा कि उनका सम्मान बढ़ गया है, वहीं कुछ ने उनके बयान पर सवाल भी उठाए।


यूपी में बढ़ता विवाद

यह मुद्दा बीते कुछ दिनों से लगातार तूल पकड़ रहा है और विशेष रूप से सत्ताधारी भाजपा के लिए चुनौती बनता जा रहा है। एक तरफ सवर्ण वर्ग में नाराजगी दिखाई दे रही है। दूसरी तरफ यदि नियमों में बदलाव किया गया तो ओबीसी, एससी-एसटी वर्ग में भी गुस्सा भड़क सकता है। पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री का इस्तीफा इस विवाद को और संवेदनशील बना गया है। सबसे अधिक विवाद इस बात को लेकर है कि यूजीसी रूल्स में यह प्रावधान क्यों नहीं जोड़ा गया कि झूठी शिकायत पाए जाने पर क्या कार्रवाई होगी। इसे एक वर्ग द्वारा सवर्णों के खिलाफ प्रतिशोध के रूप में देखा जा रहा है।

Read More
Next Story