
विजय माल्या ने कहा, "मुझे भगोड़ा कहो, लेकिन चोर नहीं, भारत लौटने के दिए संकेत
विजय माल्या ने बताया क्यों वे विदेश गए थे. किंगफिशर कैसे बंद हुई और क्या वे अब भारत लौटेंगे
बिजनेसमैन विजय माल्या ने करीब नौ साल बाद चुप्पी तोड़ी है। 2016 से लंदन में रह रहे माल्या ने एक पॉडकास्ट में अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि वह भारत क्यों छोड़कर गए, उन पर जो आरोप लगे हैं वो कितने सही हैं, और क्या वह अब भारत लौटना चाहेंगे।
चोरी नहीं की, लेकिन भगोड़ा कह सकते हो
एक पॉडकास्ट में माल्या ने कहा कि वह भागे नहीं थे, बल्कि एक तय सफर पर विदेश गए थे और फिर कुछ वजहों से वापस नहीं आए। उन्होंने कहा, “मुझे भगोड़ा बोलो तो ठीक है, लेकिन चोर मत कहो। मैंने किसी को धोखा नहीं दिया, ना ही कोई चोरी की।”
किंगफिशर एयरलाइंस क्यों बंद हुई?
उन्होंने बताया कि उनकी एयरलाइन पहले अच्छा काम कर रही थी, लेकिन 2008 की आर्थिक मंदी ने सब कुछ बिगाड़ दिया। "मैं कंपनी को छोटा करना चाहता था, लेकिन बैंकों और अफसरों ने ऐसा न करने को कहा।"
भारत लौटने की शर्त
माल्या ने कहा कि अगर उन्हें भारत में न्याय और अच्छा व्यवहार मिलने की गारंटी मिले, तो वह लौटने पर सोच सकते हैं। उन्होंने कहा कि UK की अदालत ने बताया है कि भारत की जेलें ठीक नहीं हैं, इसलिए जब तक हालात नहीं सुधरते, वो वापस आने का जोखिम नहीं ले सकते।
अब भी चल रही है कानूनी लड़ाई
इस इंटरव्यू पर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आईं। चूंकि यह इंटरव्यू रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ट्रॉफी जीतने के कुछ ही दिनों बाद आया, कुछ लोगों ने इसके समय पर सवाल उठाए। वहीं, कुछ लोगों ने माल्या की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें विदेश में खुद को सही साबित करने के बजाय भारत आकर कानून का सामना करना चाहिए। माल्या की कानूनी परेशानियां अब भी खत्म नहीं हुई हैं। अप्रैल 2025 में लंदन की एक अदालत ने उनके दिवालिया घोषित किए जाने के खिलाफ की गई अपील खारिज कर दी।