अगले दो दिन दिल्ली पहुंच सकता है मानसून, मौसम विभाग का अनुमान
x
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिनों के दौरानदिल्ली में मानसून के पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

अगले दो दिन दिल्ली पहुंच सकता है मानसून, मौसम विभाग का अनुमान

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि मानसून हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कुछ हिस्सों में पहुंच गया है। अगले 2 दिनों के दौरान दिल्ली में मानसून के पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।


दक्षिण पश्चिम मानसून लद्दाख और हिमाचल प्रदेश तक पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अब सिर्फ जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली ही ऐसे राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हैं, जहां मानसून का दस्तक देना बाकी है।

मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में 22 जून से और अधिक तेज वर्षा की संभावना जताई है। पूर्वोत्तर में अगले सात दिनों तक भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि मानसून हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कुछ हिस्सों में पहुंच गया है। वहीं, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों, पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में भी आगे बढ़ गया है।

अगले 2 दिनों के दौरान उत्तरी अरब सागर, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों और चंडीगढ़ व दिल्ली में मानसून के पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

हिमाचल में पहले से मानसून पूर्व हल्की बारिश हो रही है। अब मानसून के दस्तक के साथ ही मूसलाधार वर्षा शुरू हो गई है। इससे कई जगह भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। धर्मशाला-चतरो-गग्गल मार्ग समेत कई सड़कों पर भूस्खलन के चलते यातायात बंद हो गया है।

पूर्वोत्तर झारखंड और उसके आसपास के इलाकों में बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर निम्न दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया है और दक्षिण बिहार और उसके आसपास के इलाकों में पहुंच गया है। पूर्वोत्तर राजस्थान और मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण स्थित है। वहीं उत्तर-पश्चिम राजस्थान से मेघालय तक भी एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना है।

Read More
Next Story