पश्चिमी विक्षोभ का कहर, पहाड़ों से मैदान तक मौसम बिगड़ा
x

पश्चिमी विक्षोभ का कहर, पहाड़ों से मैदान तक मौसम बिगड़ा

सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ से हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश-ओलावृष्टि हुई है। कई राज्यों में जनजीवन व खेती प्रभावित है।


Weather Alert: मौसम विभाग (IMD) ने सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिमालयी क्षेत्रों में व्यापक बर्फबारी और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस मौसम प्रणाली का असर कई राज्यों में जनजीवन और कृषि पर साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।

गुरेज में बर्फीला तूफान, 100 घर क्षतिग्रस्त

जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर में आए बर्फीले तूफान ने भारी तबाही मचाई है। तेज बर्फबारी और हवाओं की वजह से करीब 100 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हालांकि, कठिन हालात के बावजूद भारतीय सेना स्थानीय युवाओं का मनोबल बढ़ाने के लिए ‘स्नो क्रिकेट लीग’ का आयोजन कर रही है।

उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड, बारिश-बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित

उत्तराखंड के टिहरी जिले में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में पिछले 12 घंटों से लगातार हो रही बारिश के कारण ठंड और बढ़ गई है। चिरबिटिया और कद्दूखाल जैसे इलाकों में लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। राहत की बात यह है कि पांच दिनों से बंद घुत्तू–गंगी मार्ग को अब बहाल कर दिया गया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 30 जनवरी की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे आने वाले दिनों में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और बिहार में घना कोहरा और शीत लहर जारी रह सकती है।

मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि से फसलें तबाह, किसान संकट में

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। कसरावद तहसील के दोगावां क्षेत्र में बड़े आकार के ओले गिरने से गेहूं की बालियां टूट गईं और चने की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। खेतों में खड़ी फसलें जमीन पर बिछ गई हैं।

पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव ने इस नुकसान को गंभीर बताते हुए कलेक्टर को पत्र लिखकर फसलों के तत्काल सर्वे और प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि इस आपदा ने उनकी आर्थिक स्थिति को बुरी तरह झकझोर दिया है।

राजस्थान में हादसा, युवक की मौत

इधर राजस्थान के कोटा जिले के रामगंजमंडी में बारिश के दौरान बिजली लाइनों में फैले करंट की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवक करणदान की मौत हो गई। बताया गया है कि करणदान की शादी इसी साल अप्रैल में होनी थी, जिससे परिवार में मातम छा गया है।

मौसम विभाग की चेतावनी जारी

IMD ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पहाड़ी इलाकों में हिमस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में कोहरे व शीत लहर की संभावना को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा गया है।

Read More
Next Story