दर्शक IPL के जश्न में डूबे रहे,चोरों का गैंग मोबाइल ले उड़ा, बैंगलुरू में लाखों के फोन जब्त
x
आईपीएल 2026 के मैच के दौरान पी3 स्टैंड से कथित तौर पर करीब 50–60 मोबाइल फोन चोरी हो गए, जिनमें से अधिकांश चोरी भीड़ के चरम समय में हुई। 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हुए मैच के दौरान दर्शक स्टैंड में उत्साह से चीयर करते नजर आए। फोटो: पीटीआई

दर्शक IPL के जश्न में डूबे रहे,चोरों का गैंग मोबाइल ले उड़ा, बैंगलुरू में लाखों के फोन जब्त

चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी बनाम एसआरएच मैच के दौरान जब भीड़ चरम पर थी, उस वक्त मोबाइल फोन चोरी की कई घटनाएं सामने आईं। पुलिस ने एक गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार किया है।


Click the Play button to hear this message in audio format

बैंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में दर्शक आईपीएल के जश्न में इतने मगन हो गए कि उनके पॉकेट से चोरों का गिरोह मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर गया। बैंगलुरू के कब्बन पार्क पुलिस ने आईपीएल 2026 के उद्घाटन मैच के दौरान सक्रिय मोबाइल फोन चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग सहित अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया और 18 लाख रुपये मूल्य के 21 मोबाइल फोन जब्त किए।

ये गिरफ्तारियां शनिवार (28 मार्च) को बेंगलुरु के एम. ए. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मैच के दौरान हुई मोबाइल चोरी की कई घटनाओं के बाद की गईं।

गिरोह के सात अन्य संदिग्ध अभी भी फरार हैं।

मोबाइल चोरी की वारदात

मैच के दौरान पी3 स्टैंड से लगभग 50–60 मोबाइल फोन चोरी होने की सूचना है। ज्यादातर चोरी उस समय हुई जब भीड़ सबसे ज्यादा थी, खासकर दूसरी पारी में जब दर्शक खाने-पीने का सामान लेने के लिए उमड़ पड़े।

स्टेडियम के गेट्स के पास और मैच खत्म होने के बाद जब दर्शक बाहर निकल रहे थे, तब कब्बन पार्क मेट्रो स्टेशन के आसपास भी चोरी की घटनाएं सामने आईं।

गिरोह का तरीका

अधिकारियों के मुताबिक, झारखंड से आए 11 सदस्यीय इस गिरोह का नेतृत्व मुख्य आरोपी शुभम कुमार (26) कर रहा था। उसने कथित तौर पर 10 से 12 साल के नाबालिग बच्चों को अपने साथ जोड़ा और उद्घाटन मैच से दो दिन पहले हवाई जहाज और ट्रेन से बेंगलुरु पहुंचा।

गिरोह ने पहले स्टेडियम, उसके गेट्स और पवेलियन का सर्वे किया। इसके बाद गेट के पास से कॉम्प्लिमेंट्री मैच टिकट चुराए और भीड़ में घुलने-मिलने के लिए आरसीबी की जर्सी खरीदी, ताकि आसानी से चोरी को अंजाम दिया जा सके।

पीड़ितों की आपबीती

एक पीड़िता ने सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके पति का फोन तब चोरी हो गया जब वह पानी लेने बाहर गए थे।

कई अन्य दर्शकों ने भी ऐसी ही शिकायतें कीं, जिसके बाद वे स्टेडियम पुलिस के पास पहुंचे। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त मदद नहीं कर पाई, जिसके बाद उन्हें पास के पुलिस स्टेशन जाना पड़ा।

गौरतलब है कि कई महीनों की अनिश्चितता और विचार-विमर्श के बाद आईपीएल के इस सीजन के उद्घाटन के साथ क्रिकेट की वापसी एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई थी। 4 जून 2025 को यहां आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में 11 प्रशंसकों की मौत हो गई थी, जिसके कारण इस मैदान पर मैचों के आयोजन पर सवाल खड़े हो गए थे।

आगामी मैचों के लिए एडवाइजरी

डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (सेंट्रल) अक्षय हाकाय ने बताया कि टीम ने सीसीटीवी फुटेज और पीड़ितों की शिकायतों की मदद से 48 घंटे के भीतर शुभम कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने कहा, “पी3 स्टैंड से कई शिकायतें मिलने के बाद हमने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कुछ संदिग्धों की पहचान की, जिनमें कुमार भी शामिल था।”

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या यह गिरोह अन्य आईपीएल मैदानों—जैसे चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम—में हुई इसी तरह की चोरियों से भी जुड़ा है।

आगामी मैचों के लिए दर्शकों को एडवाइजरी जारी की गई है। 3 अप्रैल (शुक्रवार) को चेपॉक स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला होगा। वहीं बेंगलुरु के एम. ए. चिन्नास्वामी स्टेडियम में अगला मैच 5 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा।

Read More
Next Story