
IPL2026 SRH vs LSG: ऋषभ पंत की कप्तानी पारी, लखनऊ को दिलाई रोमांचक जीत
ऋषभ पंत की शानदार नाबाद पारी के दम पर लखनऊ सुपर जियांट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को पांच विकेट से हराकर इस सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की। मुकाबला आखिरी ओवर तक गया, जहां पंत ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई।
ऋषभ पंत ने बतौर कप्तान पूरी जिम्मेदारी निभाते हुए अपनी जीत को जिताकर ही लौटे। 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ ने 19.5 ओवर में 5 विकेट खोकर 160 रन बना लिए। पंत ने 50 गेंदों में 68 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 9 चौके शामिल रहे।
आखिरी ओवर में 9 रन की जरूरत थी, और पंत ने पहली दो गेंदों पर चौके लगाकर मैच बराबरी पर ला दिया, फिर पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर जीत दिलाई।
लखनऊ ने इस मैच में ओपनिंग में बदलाव करते हुए पंत को तीसरे नंबर पर भेजा। एडेन मार्करम और मिचेल मार्श ने 37 रन की साझेदारी की।
मार्श के आउट होने के बाद पंत और मार्करम ने पारी संभाली और दूसरे विकेट के लिए 40 रन जोड़े। मार्करम 45 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पंत अंत तक टिके रहे।
मिडिल ऑर्डर लड़खड़ाया, पंत बने संकटमोचक
आयुष बडोनी (12), निकोलस पूरन (16) और अब्दुल समद (16) जल्दी आउट हो गए, जिससे मैच फंसता नजर आया। लेकिन पंत ने संयम बनाए रखा और टीम को जीत तक पहुंचाया।
सनराइजर्स के खिलाफ पंत का रिकॉर्ड बेहद शानदार है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 19 पारियों में 626 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है।
हैदराबाद की खराब शुरुआत, फिर क्लासेन-नीतीश की वापसी
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी लखनऊ ने हैदराबाद की शुरुआत खराब कर दी। मोहम्मद शमी ने अभिषेक शर्मा (0) और ट्रेविस हेड (7) को जल्दी आउट किया। 6 ओवर में टीम 3 विकेट पर सिर्फ 22 रन ही बना सकी।
इसके बाद क्लासन (62) और नीतीश कुमार रेड्डी (56) ने 116 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। हैदराबाद ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 156 रन बनाए।
लखनऊ के लिए मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और आवेश खान ने 2-2 विकेट लिए जबकि दिग्वेश राठी और मणिरमन सिद्धार्थ को 1-1 विकेट मिला।
इस जीत के साथ लखनऊ ने सीजन में अपनी शुरुआत कर ली, जबकि हैदराबाद को तीन मैचों में दूसरी हार झेलनी पड़ी।

