IPL में वैभव सूर्यवंशी का जलवा, 15 गेंदों में फिफ्टी से RCB पस्त
x
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का तूफानी प्रदर्शन। फोटो सौजन्य- BCCI

IPL में वैभव सूर्यवंशी का जलवा, 15 गेंदों में फिफ्टी से RCB पस्त

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में 26 गेंदों में 78 रन और 15 गेंदों में फिफ्टी जड़कर राजस्थान रॉयल्स को RCB पर जीत दिलाई।


आईपीएल 2026 में गुवाहाटी का बरसापारा स्टेडियम शुक्रवार (10 अप्रैल) को एक युवा तूफान का गवाह बना, जब राजस्थान रॉयल्स (RR) के 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ धमाकेदार पारी खेलकर मैच का रुख पलट दिया।

वैभव ने महज 26 गेंदों में 78 रन बनाए जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनकी पारी की सबसे खास बात रही 15 गेंदों में जड़ी गई तूफानी फिफ्टी। इस विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम कर लिया।

मैच की शुरुआत से ही वैभव का आक्रामक अंदाज देखने को मिला। भुवनेश्वर कुमार के पहले ही ओवर में उन्होंने तीन चौके जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए। इसके बाद अभिनंदन शर्मा और जोश हेजलवुड जैसे अनुभवी गेंदबाज भी उनके सामने बेबस नजर आए। हेजलवुड के एक ओवर में लगातार चार गेंदों पर 4, 4, 4 और 6 रन बटोरकर वैभव ने स्टेडियम में रोमांच भर दिया।

अगले ही ओवर में भुवनेश्वर कुमार की लगातार दो गेंदों पर छक्के लगाकर वैभव ने अपनी फिफ्टी पूरी की और इसके बाद भी उनका तूफान जारी रहा। ऐसा लग रहा था कि वह शतक जड़ देंगे, लेकिन क्रुणाल पंड्या की गेंद पर टाइमिंग चूक गए और विराट कोहली ने उनका शानदार कैच लपक लिया।

इस सीजन में दूसरी बार है जब वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ा है। इससे पहले वह चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी ऐसा कर चुके हैं। आईपीएल में यह तीसरी बार है जब उन्होंने 20 से कम गेंदों में फिफ्टी लगाई है।तेज अर्धशतक के मामले में अब वैभव का नाम यशस्वी जायसवाल (13 गेंद), केएल राहुल (14 गेंद) और यूसुफ पठान (15 गेंद) जैसे बड़े खिलाड़ियों के साथ जुड़ गया है। खास बात यह है कि वैभव ने 15 गेंदों में दो बार फिफ्टी लगाकर अपनी अलग पहचान बना ली है।

वहीं, आईपीएल में 20 से कम गेंदों में सबसे ज्यादा बार फिफ्टी लगाने के मामले में निकोलस पूरन और अभिषेक शर्मा (4-4 बार) शीर्ष पर हैं, जबकि ट्रेविस हेड, जेक फ्रेजर-मैकगर्क और वैभव सूर्यवंशी (3-3 बार) इस सूची में शामिल हैं। महज 15 साल की उम्र में जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ वैभव सूर्यवंशी ने दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों का सामना किया, उसने साफ कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट को एक नया सुपरस्टार मिल चुका है।

Read More
Next Story