
जानें क्या हैं फ्री रेडिकल्स और ऐंटिऑक्सिडेंट्स, कैसे करते हैं काम?
हेल्थ से जुड़ी खबरें पढ़ते समय दो शब्द अक्सर सामने आते हैं, फ्री रेडिकल्स और ऐंटिऑक्सिडेंट्स। यहां जानें, आखिर ये फ्री रेडिकल्स बॉडी में आ कहां से जाते हैं...
सेहतमंद शरीर की बात हो तो एंटीऑक्सीडेंट (Antioxidants) का नाम अक्सर सुनने को मिलता है। लेकिन एंटीऑक्सीडेंट आखिर होते क्या हैं और ये हमारे शरीर के लिए क्यों जरूरी हैं? आमतौर पर इस बारे में ज्यादा डिटेल्स हेल्थ संबंधी खबरों में नहीं बताई जाती। तो आज हम अपने रीडर्स के लिए इन्हीं प्रश्नों के उत्तर लेकर आए हैं। यहां जानें, ऐंटिऑक्सिडेंट्स और फ्री-रेडिकल्स से जुड़ी वो बातें जिन्हें जानने के बाद आपके लिए इनके महत्व को समझना और इनसे जुड़ी खबरें पढ़ना ज्यादा मजेदार होगा...
क्या होते हैं फ्री रेडिकल्स?
फ्री रेडिकल्स शरीर में प्राकृतिक रूप से बनते हैं, खासकर तब जब हम सांस लेते हैं, खाना पचाते हैं या एक्सरसाइज करते हैं। लेकिन ज्यादा तनाव, प्रदूषण, धूम्रपान और अनहेल्दी लाइफस्टाइल से फ्री रेडिकल्स का स्तर बढ़ता है। अगर शरीर में फ्री रेडिकल्स की मात्रा ज्यादा हो जाए तो ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस (Oxidative Stress) की स्थिति बन जाती है, जो समय से पहले शरीर को बूढ़ा बना सकती है। साथ ही फ्री-रेडिकल्स अंदरूनी सूजन बढ़ने की वजह भी बन सकते हैं। इनके कारण कई बीमारियां शरीर को घेर लेती हैं।
एंटीऑक्सिडेंट क्या होते हैं?
एंटीऑक्सिडेंट ऐसे यौगिक (Compounds) होते हैं, जो शरीर को फ्री रेडिकल्स (Free Radicals) से लड़ने में मदद करते हैं। साथ फ्री रेडिकल्स के कारण शरीर को होने वाले नुकसान की भरपाई करने में भी कोशिकाओं की सहायता करते हैं।
फ्री रेडिकल्स जिन भी बीमारियों को ट्रिगर करते हैं, जैसे हृदय रोग, डायबिटीज और कैंसर इत्यादि ऐंटिऑक्सिडेंट्स इन सभी को कंट्रोल करने में अहम भूमिका निभाते हैं। एंटीऑक्सीडेंट इन फ्री रेडिकल्स को न्यूट्रलाइज (Neutralize) करके शरीर को इस नुकसान से बचाते हैं।
फ्री रेडिकल्स की मात्रा बढ़ने के कारण शरीर पर जो ऑक्सिडेटिव स्ट्रेस हावी होने लगता है, ऐंटिऑक्सिडेंट्स उसे नियंत्रित करके जवां बने रहने में सहायता करते हैं। ये पूरे शरीर को अंदर से हील करके स्वस्थ बने रहने में बहुत अधिक सहायक हैं।
एंटीऑक्सीडेंट कैसे प्राप्त करें?
हमारा शरीर स्वयं भी कुछ एंटिऑक्सिडेंट्स बनाता है। लेकिन ज्यादातर एंएंटिऑक्सिडेंट्स हमें भोजन और सप्लिमेंट्स से मिलते हैं। यहां ऐसे फलों, सब्जियों और खाद्य पदार्थों के बारे में बताया जा रहा है, जो एंटिऑक्सिडेंट्स पाने का आसान और महत्वपूर्ण सोर्स हैं...
विटामिन C: संतरा, नींबू, आंवला, स्ट्रॉबेरी
विटामिन E: बादाम, सूरजमुखी के बीज, पालक
बीटा-कैरोटीन: गाजर, शकरकंद, पपीता
सेलेनियम: ब्राजील नट्स, अंडे, मछली
फ्लेवोनॉयड्स: ग्रीन टी, डार्क चॉकलेट, सेब
कैसे फायदा पहुंचाते हैं एंटिऑक्सिडेंट्स?
- ये रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) को मजबूत करते हैं और सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियों से बचाते हैं।
- एंटिऑक्सिडेंट्स कोलेस्ट्रॉल के ऑक्सिडेशन को रोककर दिल की बीमारियों का खतरा कम करते हैं। यानी हार्ट को हेल्दी रखने में मदद करते हैं।
- एंटिऑक्सिडेंट्स स्किन को फ्री रेडिकल्स के बुरे असर से बचाते हैं और झुर्रियां और एजिंग का प्रभाव कम करते हैं।
- कैंसर से जुड़ी कुछ रिसर्च में यह बात सामने आई है कि एंटिऑक्सिडेंट्स शरीर में कैंसर कोशिकाओं को पनपने से रोकते हैं। इस तरह कैंसर के खतरे को भी कम कर सकते हैं।
- मेंटल हेल्थ के लिए एंटिऑक्सिडेंट्स बहुत जरूरी होते हैं क्योंकि ये दिमागी कोशिकाओं की रक्षा करके याददाश्त और फोकस को बेहतर बनाते हैं।
क्या ज्यादा एंटीऑक्सीडेंट नुकसानदायक हो सकते हैं?
हालांकि एंटिऑक्सिडेंट्स सेहत के लिए फायदेमंद हैं। लेकिन इनका जरूरत से ज्यादा सेवन नुकसानदायक हो सकता है। ज्यादा मात्रा में एंटिऑक्सिडेंट्स लेने से शरीर में जरूर तत्वों का बैलेंस बिगड़ सकता है और कुछ मामलों में यह कोशिकाओं को नुकसान भी पहुंचा सकता है। इसलिए संतुलित डाइट के जरिए नैचुरल सोर्स से एंटिऑक्सिडेंट्स लेना ही सबसे सही तरीका है।
एंटिऑक्सिडेंट्स शरीर की सुरक्षा के लिए एक तरह की नैचुरल डिफेंस लाइन हैं। एक संतुलित डाइट जिसमें फल, सब्जियां, नट्स और ग्रीन टी शामिल हो, हमारे शरीर को जरूरी एंटिऑक्सिडेंट्स दे सकती है। सेहतमंद रहने के लिए संतुलित आहार और एक्टिव लाइफस्टाइल को अपनाना ही सबसे बेहतर उपाय है।
Disclaimer: यह लेख केवल जानकारी के उद्देश्य सेै।है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लिए डॉक्टर से सलाह जरूर लें।