
किसिंग बग से फैली चागस बीमारी, अमेरिका में बढ़ा नया हेल्थ अलर्ट
ये खतरा है चागस बीमारी (Chagas Disease) का, जिसे फैलाने वाले कीड़े को आमतौर पर किसिंग बग या असैसिन बग कहा जाता है...
Kissing Bug: क्या आपने कभी सोचा है कि एक छोटा-सा कीड़ा आपकी जिंदगी के लिए जानलेवा साबित हो सकता है? अमेरिका में हेल्थ ऑफिशियल्स इन दिनों ठीक इसी खतरे को लेकर अलर्ट हैं। ये खतरा है चागस बीमारी (Chagas Disease) का, जिसे फैलाने वाले कीड़े को आमतौर पर किसिंग बग या असैसिन बग कहा जाता है।
पहले तक यह बीमारी केवल लैटिन अमेरिका में सीमित थी, लेकिन अब रिपोर्ट्स बता रही हैं कि अमेरिका के आठ राज्यों में लोकल ट्रांसमिशन की पुष्टि हो चुकी है और 32 अन्य राज्यों में इसके फैलने की आशंका जताई गई है। खासकर कैलिफ़ोर्निया, फ्लोरिडा और साउथवेस्टर्न रीजन को सबसे ज्यादा जोखिम वाला क्षेत्र माना जा रहा है।
चागस बीमारी आखिर है क्या?
इस बीमारी का मेडिकल नाम है अमेरिकन ट्राइपैनोसोमायसिस (American trypanosomiasis)। यह ट्राइपैनोसोमा क्रूज़ी (Trypanosoma cruzi) नामक परजीवी से होती है, जो किसिंग बग्स के जरिए इंसानों तक पहुंचता है। ये कीड़े खून चूसते हैं और अक्सर मुंह या आंखों के आसपास काटते हैं। खतरा तब बढ़ता है, जब इनका संक्रमित मल शरीर में किसी कट, आंख या मुंह के जरिए चला जाता है।
WHO के आंकड़ों के अनुसार, दुनियाभर में लगभग 70 लाख लोग चागस से संक्रमित हैं और हर साल करीब 10,000 मौतें इसकी वजह से होती हैं। लेकिन फिर भी इस बीमारी के बारे में लोगों को कम ही जानकारी है। इस कारण मौतों का आकड़ा भी बड़ा रहता है।
चागस के लक्षण कब और कैसे नज़र आते हैं?
इस बीमारी के दो चरण (फेज़) होते हैं। पहला है एक्यूट फेज़ । इसमें प्रारंभिक 2 महीने आते हैं। और दूसरा है, क्राॉनिक फेज़, जो कई साल बाद दिखाई देता है...
एक्यूट फेज़ (पहले 2 महीने) में मरीज को तेज़ बुखार, सिरदर्द, लसीका ग्रंथियों में सूजन, मांसपेशियों में दर्द और पलक की खास तरह की सूजन (Romana’s sign) दिख सकती है। हालांकि बहुत से केस बिना लक्षण के भी निकल जाते हैं।
क्रॉनिक फेज़ (कई सालों बाद) में यहां असली खतरा सामने आता है। परजीवी धीरे-धीरे दिल, पाचन तंत्र और नर्वस सिस्टम को नुकसान पहुंचाता है।
हर 3 में से 1 मरीज में जानलेवा कार्डियक कॉम्प्लिकेशन विकसित हो सकते हैं।
लगभग हर 10 में से 1 मरीज को गंभीर डाइजेस्टिव डिसऑर्डर झेलना पड़ सकता है।
लंबे समय में यह हार्ट फेल्योर, एरिद्मिया, अचानक मौत और पाचन तंत्र के बड़े रोगों तक ले जा सकता है।
एक्सपर्ट्स क्यों परेशान हैं?
CDC की रिसर्च के सह-लेखक डॉ. नॉर्मन बीटी का कहना है कि अमेरिका में अब तक जो केस सामने आए हैं, वे तो बस आइसबर्ग की नोक हैं। हकीकत इससे कहीं ज्यादा बड़ी हो सकती है।
समस्या यह है कि चागस बीमारी अक्सर साइलेंट रहती है। मरीज को लक्षण बहुत देर से पता चलते हैं। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन का अनुमान है कि केवल अमेरिका में ही लगभग 3 लाख लोग संक्रमित हो सकते हैं, लेकिन ज्यादातर को इस बात की भनक तक नहीं है।
इलाज और बचाव के रास्ते
अगर बीमारी शुरुआती फेज़ में पकड़ ली जाए तो Benznidazole और Nifurtimox जैसी दवाओं से इसका इलाज संभव है। लेकिन जब यह क्रॉनिक फेज़ में पहुंच जाती है, तब इलाज सिर्फ जटिलताओं को नियंत्रित करने तक सीमित रह जाता है।
चागस से बचाव के उपाय
घरों की दीवारों और छत की दरारें बंद करना
खिड़कियों में जालियां लगाना
कीटनाशक वाले नेट का इस्तेमाल करना
घर के आसपास कीड़े-मकौड़ों के ठिकानों को कम करना
क्यों ज़रूरी है जागरूकता?
यह बीमारी अब किसी एक महाद्वीप तक सीमित नहीं रही। जिस तरह से किसिंग बग्स का दायरा अमेरिका के 32 राज्यों तक फैल चुका है, यह साफ है कि चागस अब ग्लोबल हेल्थ थ्रेट बन चुका है। और क्योंकि इसके शुरुआती लक्षण या तो हल्के होते हैं या दिखते ही नहीं, यही इसकी सबसे हानिकारक सच्चाई है।
चागस रोग का इलाज
शुरुआती चरणों में, परजीवी को मारने वाली एंटीपैरासिटिक दवाइयाँ प्रभावी हो सकती हैं।
बाद के चरणों में, उपचार लक्षणों को नियंत्रित करने और हृदय व पाचन संबंधी समस्याओं को प्रबंधित करने पर केंद्रित होता है।
संक्रमण को रोकने के लिए कीड़े के काटने और दूषित भोजन से बचने के तरीके अपनाना ज़रूरी है। ये ऊपर बताए गए हैं।
डिसक्लेमर- यह आर्टिकल जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी सलाह को अपनाने से पहले डॉक्टर से परामर्श करें।