
इन्हें रात में खाया तो बढ़ जाएगा बॉडी पेन, गठिया के लोग ना करें ये गलती
गलत टाइम पर खाई जाएं तो हेल्दी चीजें भी शरीर को बहुत अधिक नुकसान पहुंचाती हैं। यदि आपको अक्सर बॉडी पेन रहता है तो यहां बताई गई चीजों को रात में खाने से बचें...
भोजन से सही और पूरा पोषण लेना है तो इस बात का ध्यान जरूर रखना होगा कि किस चीज को किस समय पर खाना है। नहीं तो बहुत हेल्दी फूड्स भी बीमारी की वजह बन सकते हैं। जैसे, यदि आपको शरीर में दर्द रहने की शिकायत है या फिर गठिया यानी ऑर्थराइटिस की समस्या है तो आपको कुछ खास फूड्स को रात में बिल्कुल भी नहीं खाना चाहिए। नहीं तो आपका दर्द इतना बढ़ सकता है कि आप सो भी नहीं पाएंगे...
रात में कौन-से फूड्स नहीं खाने चाहिए
आयुर्वेद के अनुसार कुछ खास भोज्य पदार्थों का सेवन रात के समय नहीं करना चाहिए। इसके कारण अलग-अलग फूड की तरह ही अलग-अलग होते हैं। जैसे, किसी फूड को पचने में अधिक समय लगता है तो कोई फूड गैस अधिक बनाता है। इन फूड्स को हेल्दी लोगों के लिए भी रात में खाने की मनाही है। क्योंकि ये स्वस्थ लोगों के शरीर में भी दर्द का कारण बनकर रातभर जगा सकते हैं। ऐसे में उन लोगों को तो खास ध्यान रखना चाहिए, जिन्हें पहले गठिया या फिर शरीर में दर्द होने की शिकायत रहती है। आपको रात में जिन फूड्स का सेवन करने से बचना चाहिए, उनके नाम इस प्रकार हैं...
मूली
खीरा
दही
चने की दाल
साबुत चने (काबुली और देसी दोनों)
राजमा
उड़द या दालमखनी
साबुत मसूर
क्यों रात में ना खाएं इन्हें?
जैसा कि ऊपर ही बताया जा चुका है कि हर फूड के लिए रात में ना खाने का अलग कारण है। और इनका ये कारण इन फूड्स के गुणों पर आधारित है। सबसे पहले बात करते हैं मूली की। मूली को रात में खाने के लिए दो कारणों से मना किया जाता है। एक तो कच्ची मूली की तासीर ठंडी होती है और दूसरे इसके पाचन के दौरान गैस अत्यधिक बनती है। ऐसे में रात में मूली खाना ना केवल गैस के कारण दर्द बढ़ने की वजह बन जाता है बल्कि ठंडा होने के कारण मूली को रात में खाने से गले में दर्द, बुखार या खांसी की समस्या भी हो सकती है।
खीरा रात में खाने के लिए इसलिए मना करते हैं क्योंकि एक तो इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है और ये शरीर को ठंडक भी प्रदान करता है। इस कारण रात में खीरा खाने से खांसी, जुकाम की समस्या भी हो सकती है और बार-बार बाथरूम के चक्कर भी लगाने पड़ सकते हैं, जिससे नींद डिस्टर्ब होती है। साथ ही खीरे के बीजों को पचाने के लिए शरीर को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है, जिस कारण ये दर्द के ट्रिगर होने की वजह बन सकता है।
रात में दही क्यों नहीं खानी चाहिए?
रात को दही ना खाने की सलाह देने के पीछे कई कारण हैं। जिनमें से कुछ इस प्रकार हैं, एक तो दही ठंडी होती है और रात में इसका सेवन करने से सेंसेटिव गले वाले लोगों को गले में खराश की समस्या हो सकती है या ये फीवर आने की वजह भी बन सकती है। दही से शरीर को जो ठंडक मिलती है, रात के समय वह जोड़ों में होने वाले दर्द को बढ़ा सकती है। इसके साथ ही रात में दही खाने से शरीर में सूजन बढ़ने की समस्या भी हो सकती है।
रात में क्यों ना खाएं साबुत दालें?
ऊपर बताए गए फूड्स में चने की दाल के अलावा जिन ज्यादातर अनाजों का जिक्र किया गया है, ये सभी साबुत अनाज की श्रेणी में आते हैं। देसी चना, काबुली चना, राजमा, उड़द इत्यादि इन सभी को पचने में बहुत अधिक समय लगता है। और इनकी तासीर भी बादी होती है यानी वायु बढ़ाने वाली। ऐसे में रात के समय इन्हें खाने से ये ठीक से पच नहीं पाते हैं, जिस कारण पेट में दर्द हो सकता है। यदि आप रात का खाना खाने के दो से तीन घंटे बाद सोते हैं, तब भी ये जोड़ों का दर्द बढ़ने की वजह बन सकते हैं।
डिसक्लेमर- यह आर्टिकल जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी नियम को अपनाने से पहले डॉक्टर से सलाह अवश्य करें।