थम जाएगी बढ़ती उम्र, वैज्ञानिकों ने खोज लिया नायाब और आसान तरीका
x

थम जाएगी बढ़ती उम्र, वैज्ञानिकों ने खोज लिया नायाब और आसान तरीका

पांच देश और तीन साल तक चली रिसर्च में ये नतीजे सामने आए हैं कि मात्र दो बातों का ध्यान रखकर जैविक रूप से बढ़ रही उम्र की रफ्तार धीमी की जा सकती है


How To Slow Down Aging: बढ़ती उम्र पर काबू करना और लंबे समय तक जवां दिखने की चाहत दुनिया के हर व्यक्ति की होती है। इसी इच्छा का परिणाम है कि कॉस्मेटिक इंडस्ट्री विश्व के हर कोने में भरपूर तरीके से फल-फूल रही हैं। लेकिन हाल ही आए एक नए शोध के नतीजों ने बेहद आसान दो स्टेप्स पर इस बात की मुहर लगा दी है कि इन स्टेप्स को अपनाकर बढ़ती उम्र को वाकई काबू में किया जा सकता है। यह स्टडी 5 अलग-अलग देशों में और 3 साल तक की गई...

क्या रहे शोध के नतीजे?

इस नए शोध में सामने आया है कि अगर ओमेगा-3 और विटामिन-D सप्लीमेंट्स को नियमित व्यायाम के साथ लिया जाए तो उम्र बढ़ने की जैविक प्रक्रिया धीमी हो सकती है। DO-HEALTH ट्रायल में 70 साल और उससे अधिक उम्र के 700 से ज्यादा लोगों पर तीन साल तक अध्ययन तक किए गए अध्ययन में यह बात सामने आई है। नतीजे बताते हैं कि इस रुटीन को अपनाने वाले लोगों की जैविक उम्र में 3 से 4 महीने की कमी देखी गई। भले ही यह असर छोटा लगे लेकिन अगर इसे लंबे समय तक अपनाया जाए तो इससे उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है। यहां जानें मजेदार रिसर्च से जुड़ी खास बातें...

DO-HEALTH ट्रायल कैसे हुआ?

यह अध्ययन 2012 से 2014 के बीच यूरोप के पांच देशों में हुआ। प्रतिभागियों को चार ग्रुप्स में बांटा गया—एक ग्रुप को प्लेसबो, दूसरे को ओमेगा-3 और विटामिन D सप्लीमेंट्स, तीसरे को व्यायाम और चौथे ग्रुप को इन तीनों का संयोजन दिया गया। जिन लोगों ने तीनों उपायों को एक साथ अपनाया उनकी जैविक उम्र सबसे धीमी रफ्तार से बढ़ी।

कैसे हुआ जैविक उम्र का आकलन?

शोधकर्ताओं ने प्रतिभागियों के खून के नमूनों का विश्लेषण करके उनकी जैविक उम्र का आकलन किया। इसके लिए चार अलग-अलग जैविक क्लॉक्स (biological clocks) का इस्तेमाल किया गया। ये क्लॉक्स डीएनए मिथाइलेशन (DNA methylation) नामक प्रक्रिया पर आधारित थे जो उम्र बढ़ने की दर को कोशिकीय स्तर पर मापते हैं।

नतीजों में पाया गया कि अगर डेली 1 ग्राम ओमेगा-3 (शैवाल आधारित), 2,000 IU विटामिन D और हफ्ते में तीन बार 30 मिनट का व्यायाम किया जाए तो तीन साल में जैविक उम्र 2.9 से 3.8 महीने तक धीमी हो सकती है। सिर्फ ओमेगा-3 भी जैविक उम्र को धीमा करने में मददगार था लेकिन इसका असर तब और बढ़ गया जब इसे विटामिन D और व्यायाम के साथ लिया गया।

पिछले शोध क्या कहते हैं?

DO-HEALTH ट्रायल के पहले के नतीजों में भी ओमेगा-3 और विटामिन D के कई फायदे देखे गए हैं। इनमें गिरने की दर 10% तक कम होना, संक्रमण का खतरा 13% तक घटाना और कैंसर के आक्रामक मामलों में 61% तक की कमी शामिल है। इसके अलावा ओमेगा-3, विटामिन D और व्यायाम के संयोजन से प्री-फ्रेल्टी (कमजोरी) का खतरा 39% तक कम हुआ।

छोटे बदलाव, बड़े फायदे

शोधकर्ताओं का मानना है कि जैविक उम्र बढ़ने में कुछ महीनों की कमी भले ही मामूली लगे लेकिन अगर इसे लंबे समय तक अपनाया जाए तो इसका सकारात्मक असर पूरे समाज पर देखा जा सकता है। उम्र से जुड़ी बीमारियों का खतरा कम होगा और बुजुर्गों को बेहतर जीवन जीने में मदद मिलेगी।

आगे का रास्ता

शोधकर्ता अब यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि ये उपाय सिर्फ जैविक उम्र को धीमा करने तक सीमित हैं या इससे जीवनकाल और स्वास्थ्य में भी सुधार हो सकता है। DO-HEALTH के जरिए भविष्य में नई तकनीकों का इस्तेमाल कर इन नतीजों की पुष्टि की जाएगी।

आप क्या करें?

यह तो साफ है कि नियमित व्यायाम और एक हेल्दी रुटीन हमेशा फायदेमंद रहेगा। विशेषज्ञ कहते हैं "अगर आप अपने शरीर का इस्तेमाल नहीं करेंगे तो यह कमजोर हो जाएगा।" सही सप्लीमेंट्स का उपयोग भी भविष्य में एक वैज्ञानिक दृष्टिकोण से प्रमाणित तरीका बन सकता है जिससे उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को नियंत्रित किया जा सके।

इसलिए अगर आप अपनी उम्र बढ़ने की रफ्तार को धीमा करना चाहते हैं तो अपने रूटीन में ओमेगा-3, विटामिन D और नियमित व्यायाम को शामिल करें। यह न सिर्फ आपकी जैविक उम्र को धीमा करेगा बल्कि आपके समग्र स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाएगा। यह शोध साइंटिफिक स्टडी पब्लिश करने वाले जर्नल 'नेचर'में प्रकाशित किया गया है।

Read More
Next Story