मस्त नींद आएगी और हार्ट रहेगा हैपी, लाइफ में शामिल करें टार्ट चेरी जूस
x
टार्ट चेरी जूस है मेलाटोनिन और एंटीऑक्सीडेंट का खजाना

मस्त नींद आएगी और हार्ट रहेगा हैपी, लाइफ में शामिल करें टार्ट चेरी जूस

नींद की क्वालिटी बढ़ाने से लेकर मांसपेशियों को मजबूती देने तक, जानिए टार्ट चेरी जूस के फायदे और सही मात्रा। साथ ही सेवन की विधि ताकि आपको सिर्फ फायदा मिले...


टार्ट चेरी, जिसे Montmorency Cherry भी कहा जाता है। अपने खट्टे स्वाद और औषधीय गुणों के कारण दुनियाभर में तेजी से लोकप्रिय हो रही है। यूरोप और दक्षिण-पश्चिम एशिया का ये फल अब स्वास्थ्य प्रेमियों के लिए एक पसंदीदा सुपरफूड बन चुका है।

पोषक तत्वों से भरपूर

100% टार्ट चेरी जूस की 8 औंस सर्विंग में लगभग 130 कैलोरी, 410 मिलीग्राम पोटैशियम और 1.44 मिलीग्राम आयरन जैसे कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं। इसके अलावा, इसमें पॉलीफेनोल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स भी अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं, जो इसे एक संपूर्ण हेल्दी ड्रिंक बनाते हैं।

मांसपेशियों की रिकवरी में सहायक

टार्ट चेरी जूस खासतौर पर एथलीट्स और फिटनेस प्रेमियों के बीच पसंद किया जा रहा है, क्योंकि यह मांसपेशियों की सूजन को कम करता है और थकान से जल्दी राहत दिलाता है। एक्सरसाइज के बाद इसका सेवन मांसपेशियों की रिकवरी को तेज कर सकता है।

नींद में सुधार और तनाव में राहत

जिन लोगों को नींद नहीं आती या बार-बार नींद टूट जाती है, उनके लिए टार्ट चेरी जूस बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। इसमें मेलाटोनिन और ट्रिप्टोफैन नामक तत्व होते हैं, जो नींद को नियंत्रित करने वाले हार्मोन को सक्रिय करते हैं और मानसिक तनाव को भी कम करते हैं।

गठिया, गाउट और हृदय रोग में लाभकारी

अध्ययनों के अनुसार, यह जूस गठिया और गाउट जैसे जोड़ों के रोगों में भी राहत पहुंचा सकता है, क्योंकि यह शरीर की सूजन को घटाता है। इसके अलावा, यह दिल की धड़कन को नियंत्रित करने और रक्तचाप को संतुलित करने में भी सहायक है।

वजन घटाने में सहायक

जो लोग वजन कम करने की कोशिश में हैं, उनके लिए भी यह एक हेल्दी ऑप्शन हो सकता है। इसमें प्राकृतिक मिठास के साथ-साथ ऐसे तत्व होते हैं जो भूख को नियंत्रित करते हैं और शरीर के मेटाबोलिज्म को दुरुस्त रखते हैं।

ध्यान रखें-संतुलन जरूरी है

हालांकि यह जूस कई तरह से फायदेमंद है, लेकिन इसका अधिक सेवन कुछ लोगों में पेट फूलना, दस्त या अन्य पाचन समस्याएं पैदा कर सकता है। इसलिए डॉक्टर की सलाह से और सीमित मात्रा में ही इसका सेवन करें।

टार्ट चेरी जूस न केवल स्वाद में अनोखा है, बल्कि इसके नियमित और संतुलित सेवन से नींद, मांसपेशियां, दिल और जोड़ों की सेहत को बेहतर बनाया जा सकता है। यह एक छोटा कदम है, जो बड़ी सेहत के लिए मददगार साबित हो सकता है।


डिसक्लेमर- यह आर्टिकल जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी सलाह को अपनाने से पहले डॉक्टर से परामर्श करें।

Read More
Next Story