
बजट 2026-27 में हेल्थ सेक्टर को मिली ये 5 बड़ी सौगातें
साल 2026-27 के लिए आम बजट पेश हो चुका है। इस बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने स्वास्थ्य क्षेत्र को क्या नई सौगातें दी हैं, इस बारे में यहां जान लें...
स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर नए बजट में कई घोषणाएं की गई हैं, जिनमें भारत को हेल्थ टूरिज़म हब के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया है। लोकसभा में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नौवां बजट प्रस्तुत किया और आम बजट 2026-27 में हेल्थ सेक्टर को लेकर कई बड़ी घोषणाएं की। स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार की प्राथमिकता में कौन-सी 5 बड़ी बातें हैं, यहां जान लें...
1) ‘बायोफार्मा शक्ति’ पहल में ₹10,000 करोड़ का बड़ा निवेश
वित्त मंत्री ने बजट 2026-27 में Biopharma Shakti नाम से एक नई स्वास्थ्य रणनीति की घोषणा की है, जिसके लिए अगले पांच वर्षों में ₹10,000 करोड़ का आवंटन रखा गया है। इसका मकसद भारत को वैश्विक बायोफार्मा मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करना है, जिससे डायबिटीज, कैंसर और ऑटो-इम्यून जैसी गैर-संक्रामक बीमारियों के लिए उन्नत बायोलॉजिक और बायोसिमिलर दवाइयों का घरेलू उत्पादन बढ़ेगा।
2) बायोलॉजिक/बायोसिमिलर दवाओं का उत्पादन और क्लीनिकल ट्रायल नेटवर्क
इस योजना के तहत भारत में बायोलॉजिक और बायोसिमिलर दवाओं के निर्माण की क्षमता मजबूत करने के लिए प्रयास होंगे, साथ ही 1,000 मान्यता प्राप्त क्लीनिकल ट्रायल साइट्स का नेटवर्क भी स्थापित किया जाएगा, जो नई दवाइयों के परीक्षण और अनुमोदन प्रक्रिया को तेज़ करेगा।
3) शिक्षा-अनुसंधान संस्थानों का विस्तार
बायोफार्मा सेक्टर को समर्थन देने के लिये तीन नए राष्ट्रीय फार्मास्युटिकल एजुकेशन और रिसर्च संस्थान (NIPERs) बनाए जाएंगे और सात मौजूदा संस्थानों को अपग्रेड किया जाएगा। इससे अनुसंधान क्षमता, कौशल विकास और उन्नत स्वास्थ्य प्रशिक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
4) राष्ट्रीय आयुष और आयुर्वेद को बढ़ावा
बजट में आयुष सेक्टर पर भी ध्यान दिया गया है। इसमें पांच क्षेत्रीय मेडिकल हब बनाने का प्रस्ताव है, जिनमें आयुष चिकित्सा केंद्र, डायग्नोस्टिक सुविधाएं और पुनर्वास इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल रहेगा। साथ ही तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की भी घोषणा की गई है, जिससे पारंपरिक चिकित्सा के शिक्षा-अनुसंधान को भी बल मिलेगा।
5) सेहत से जुड़े रोजगार और कौशल विकास
बजट में हेल्थकेयर इकोसिस्टम के विकास के लिये एक लाख सहायक स्वास्थ्य पेशेवर (Allied Health Professionals) जैसे ऑप्टोमेट्री, रेडियोलॉजी और एनेस्थेसिया आदि क्षेत्रों में कुशल कर्मियों के प्रशिक्षण और 1.5 लाख स्वास्थ्य देखभालकर्ताओं को तैयार करने की घोषणा भी की गई है। ताकि वृद्ध देखभाल और दीर्घकालिक स्वास्थ्य सेवाओं में मजबूत मानव संसाधन तैयार हो सकें।
स्वास्थ्य क्षेत्र को मिली नई सौगातों के पांच मुख्य बिंदू...
बायोफार्मा शक्ति योजना के तहत ₹10,000 करोड़ का निवेश
देश में क्लीनिकल ट्रायल नेटवर्क और बायोफार्मा उत्पादन क्षमता का विस्तार
नए एनआईपीईआर संस्थान और मौजूदा संस्थानों का अपग्रेड
आयुष और आयुर्वेद को मजबूत करने वाले मेडिकल हब और संस्थान
हेल्थ वेलनेस के लिए कौशल वृद्धि और रोजगार सृजन

