
दिल्ली-NCR में आज बारिश का येलो अलर्ट, जानें मौसम विभाग का ताजा अपडेट
दिल्ली में आज आंधी और बारिश से संडे होगा कूल-कूल। IMD ने 3 अप्रैल तक गर्मी से राहत का अनुमान जताया है। यूपी, पंजाब और राजस्थान में भी बारिश और ओले का अलर्ट।
Weather Update : राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मार्च महीने की शुरुआती तपिश झेलने के बाद अब मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज दिल्ली-एनसीआर में आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस बदलाव से दिल्लीवालों का संडे बेहद 'कूल-कूल' रहने वाला है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार आगामी 3 अप्रैल तक भीषण गर्मी के तेवर नरम ही रहेंगे। दिल्ली के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी मौसम सुहावना बना रहेगा।
दिल्ली में बारिश और तापमान का पूर्वानुमान
दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में आज मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है। आज अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। इसके अलावा 30 और 31 मार्च को भी रुक-रुक कर हल्की बारिश होने के आसार हैं। 1 अप्रैल के बाद आसमान साफ होने लगेगा लेकिन 3 अप्रैल तक गर्मी से राहत बरकरार रहेगी।
पंजाब और हरियाणा में भी बदलेगा मौसम
दिल्ली से सटे राज्यों पंजाब और हरियाणा में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ दिखाई देगा। पंजाब में 29 और 30 मार्च को तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी दो दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यहाँ अधिकतम तापमान 31 डिग्री के आसपास बना रहेगा। 31 मार्च से इन राज्यों में मौसम धीरे-धीरे साफ होने की उम्मीद है।
पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि की संभावना
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम विभाग ने भारी अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर में आज ओले गिरने की संभावना जताई गई है। 30 मार्च को यहाँ भारी बारिश और बिजली कड़कने का येलो अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश में भी 29 और 30 मार्च को ओलावृष्टि की आशंका है। उत्तराखंड में भी 31 मार्च तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा जिससे पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
यूपी और राजस्थान में आंधी-तूफान का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी 29 से 31 मार्च तक आंधी और गरज के साथ हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अपने चरम पर होने की आशंका है। राज्य के जोधपुर, बीकानेर, अजमेर और जयपुर जैसे इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है। वहीं मणिपुर के सभी 16 जिलों में भी अगले पांच दिनों तक बिजली गिरने और मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
Next Story

