
अयोध्या धाम पहुंचे दिग्विजय बोले 'राम मंदिर विरोधी नहीं है कांग्रेस'
मीडिया से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वे श्रीराम के दर्शन कर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के स्वस्थ होने और पार्टी की मजबूती की कामना करें...
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह गुरुवार को अयोध्या धाम पहुंचे और श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रभु राम हमारे आदर्श हैं और उनमें हम सबकी आस्था है। दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह राम मंदिर के नाम पर झूठी कहानी गढ़ती है और जनता को भ्रमित करती है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस कभी राम मंदिर विरोधी नहीं रही है।
अयोध्या एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में पूर्व दिग्विजय सिंह ने कहा कि वे श्रीराम के दर्शन कर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के स्वस्थ होने और पार्टी की मजबूती की कामना करेंगे। उन्होंने देश में गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की कमी की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि स्थिति और बिगड़ सकती है। इसलिए जनता को सचेत रहने और झूठ बोलने वालों से सतर्क रहने की जरूरत है। दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे केवल वोट की राजनीति करते हैं और जनता के हित में काम नहीं कर सकते।
पूर्व मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट पर स्वागत कर रहे कांग्रेस नेताओं से फूलों के गुलदस्ते स्वीकार किए। लेकिन माला पहनने से मना कर दिया और कहा कि कांग्रेस मजबूत होने पर ही माला पहनेंगे। इसके बाद वे कार से राम मंदिर दर्शन के लिए रवाना हुए। हनुमानगढ़ी और कनक भवन में दर्शन-पूजन के बाद वे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री के आवास पहुंचे।
दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर के निर्माण के लिए पहले भी एक लाख 11 हजार 111 रुपए का दान दिया था। वे स्वयं को राम भक्त बताते हुए हमेशा आस्था और राजनीति को अलग रखने की बात करते आए हैं।
इस बीच, अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आने से इनकार करने वाले कांग्रेस के अन्य बड़े नेता भी रामलला के दर्शन के लिए पहुंचने लगे हैं। बीते सोमवार को यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय के साथ दर्जनों कांग्रेस नेता अयोध्या आए और सबसे पहले सरयू में डुबकी लगाई। हालांकि, प्रशासन ने करीब सौ गाड़ियों के काफिले में केवल तीन गाड़ियों को ही सरयू तक जाने की अनुमति दी।

