
पंजाब: 48 घंटे में दो MLA गिरफ्तार, हरमीत सिंह पर रेप के आरोप
आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा 2 सितंबर 2025 से फरार थे। कई बार समन जारी होने के बावजूद पेश न होने पर अदालत ने उन्हें अपराधी घोषित कर दिया था...
पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले छह महीनों से फरार चल रहे बलात्कार के आरोपी विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि पिछले 48 घंटों में गिरफ्तार होने वाले वे दूसरे मौजूदा विधायक हैं। इससे पहले सोमवार को पूर्व परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
जानकारी के अनुसार, आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा के खिलाफ बलात्कार, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी जैसे गंभीर आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए वे 2 सितंबर 2025 से ही फरार थे। कई बार समन जारी होने के बावजूद पेश न होने पर अदालत ने उन्हें घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।
लुकआउट नोटिस से मिली सफलता
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उनकी तलाश के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया गया था, ताकि उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। पुलिस की विशेष टीम लगातार कई महीनों से उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। आखिरकार तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयासों के जरिए पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
विधायक पर आरोप है कि गंभीर अपराधों को अंजाम देने के बाद वे गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपते रहे। उनके खिलाफ दर्ज मामले में आईपीसी (अब भारतीय न्याय संहिता) की कई गंभीर धाराएं शामिल हैं। पुलिस अब उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी, ताकि मामले की विस्तृत जांच की जा सके।
सरकार पर बढ़ा दबाव
दो दिनों के भीतर दो विधायकों की गिरफ्तारी से राज्य सरकार पर दबाव बढ़ गया है। विपक्ष इस मुद्दे को उठाते हुए कानून-व्यवस्था और सत्ताधारी दल के नेताओं के आचरण पर सवाल खड़े कर रहा है। जहां लालजीत सिंह भुल्लर का मामला एक अधिकारी की आत्महत्या से जुड़ा है, वहीं पठानमाजरा पर लगे बलात्कार के आरोपों ने इस प्रकरण को और अधिक गंभीर बना दिया है। फिलहाल पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि कर दी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

